मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा परीक्षा में मध्यप्रदेश से चयनित 61 अभ्यर्थियों से संवाद करेंगे और उनका सम्मान करेंगे। यह कार्यक्रम उच्च शिक्षा विभाग द्वारा भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थी अपने संघर्ष, मेहनत और सफलता के अनुभव साझा करेंगे जिससे प्रदेश के युवाओं को सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन मिल सके। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
सीएम मोहन यादव आज यूपीएससी में चयनित अभ्यर्थियों का सम्मान करेंगे
भोपाल में सीएम मोहन यादव आज यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफल होने वाले प्रदेश के 61 प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों का सम्मान करने और उनसे संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री इन होनहार युवाओं से उनकी मेहनत, तैयारी की रणनीति, संघर्ष और सफलता की प्रेरक कहानियां सुनेंगे। अभ्यर्थी अपने अनुभव साझा करेंगे, जिससे प्रदेश के अन्य युवा उम्मीदवारों को प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री “प्रतिभाओं का परचम” नामक पुस्तिका और उसके डिजिटल संस्करण का विमोचन भी करेंगे जिसमें सफल उम्मीदवारों की तैयारी की रणनीति और अनुभवों को संकलित किया गया है।
उत्कृष्ट रहा है मध्यप्रदेश का प्रदर्शन
बता दें कि छह मार्च को UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम घोषित किए गए जिनमें देशभर से कुल 958 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इनमें मध्यप्रदेश के भी 61 प्रतिभाशाली युवाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता पाई है। इस वर्ष मध्यप्रदेश का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा है। प्रदेश के दो अभ्यर्थियों ने ऑल इंडिया टॉप-10 में स्थान बनाकर राज्य का गौरव बढ़ाया है। भोपाल के ईशान भटनागर ने ऑल इंडिया रैंक 5 हासिल की जबकि धार जिले के पक्षल सेक्रेटरी ने रैंक 8 और अशोकनगर के छितवन जैन ने रैंक 17 प्राप्त की है। इसके अलावा इंदौर, खंडवा और अन्य जिलों के कई अभ्यर्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। खास बात यह है कि चयनित अभ्यर्थियों में बड़ी संख्या ऐसे विद्यार्थियों की भी है, जिन्होंने शासकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों से पढ़ाई की है। इन सभी अभ्यर्थियों को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है, जो विभिन्न जिलों से चयनित होकर प्रशासनिक सेवाओं में पहुंचे हैं।






