भोपाल में बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के एक भाषण को लेकर मध्यप्रदेश की सियासत गरमा गई है। करोंद में आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पाकिस्तान का जिक्र करते हुए काजी कैंप पर मिसाइल गिराने की बात कही। उनके इस बयान के बाद कांग्रेस ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए बीजेपी और संघ पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाया है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज ने कहा कि एक तरफ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत मुसलमानों को लेकर समावेशी और सद्भाव की बात करते हैं, जबकि दूसरी तरफ बीजेपी विधायक काजी कैंप पर मिसाइल दागने जैसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने इसे बीजेपी और संघ का दोहरा चरित्र बताया।
क्या है मामला
रविवार रात भोपाल के करोंद में आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने मंच से कहा था कि करोंद चौराहे से मिसाइल चलाकर काजी कैंप में गिरा दो। बयान के बाद उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनका इशारा भोपाल के काजी कैंप की तरफ नहीं, बल्कि इस्लामाबाद के काजी कैंप की ओर था। उन्होंने अपने भाषण में भारत की सैन्य क्षमता और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भी जिक्र किया।
कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा
कांग्रेस ने इसे लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज ने रामेश्वर शर्मा के बयान को लेकर बीजेपी और संघ पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाया। उन्होंने सरसंघचालक मोहन भागवत के हालिया बयान का हवाला देते हुए कहा कि एक तरफ संघ मुसलमानों से नफरत न करने की बात करता है, दूसरी तरफ बीजेपी विधायक भोपाल के काजी कैंप पर मिसाइल दागने जैसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं।
राहुल राज ने रामेश्वर शर्मा को घेरते हुए कहा कि “व्हाट्सअप यूनिवर्सिटी से इतिहास-भूगोल पढ़ने वालों को बता दें कि पृथ्वी, अग्नि जैसी मिसाइलों की नींव दशकों पहले देश में रखी जा चुकी थी। अग्नि का पहला सफल परीक्षण 22 मई 1989 को राजीव गांधी के प्रधानमंत्री रहते हो चुका था। मोदी जी तो 2014 में आए हैं। इस्लामाबाद में काजी कैंप नाम की कोई जगह है ही नहीं, इसलिए भोपाल शहर के सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की उनकी मानसिकता जगजाहिर हो चुकी है।” राहुल राज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सवाल किया कि क्या रामेश्वर शर्मा के इस भाषण को लेकर कोई कार्रवाई की जाएगी।
एक तरफ संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत जी कहते हैं “मुसलमानों से नफरत करने वाला हिंदू हो ही नहीं सकता”, दूसरी तरफ भाजपा विधायक भोपाल के काजी कैंप पर मिसाइल दागने की बात करते हैं।
यही है भाजपा और संघ का असली दोहरा चरित्र।
रामेश्वर शर्मा जी जैसे व्हाट्सऐप यूनिवर्सिटी से इतिहास-भूगोल… pic.twitter.com/ieCrAH74Ri
— Rahul Raj | राहुल राज (@rahulraj_kisaan) September 6, 2026






