MP Breaking News

Hindi Diwas 2026: भोपाल में दो दिन मातृभाषाओं, पत्रकारिता और साहित्य पर होगा मंथन, CM मोहन यादव करेंगे ‘भारतीय मातृभाषा अनुष्ठान’ का शुभारंभ

14 और 15 सितंबर को भारत भवन में ‘भारतीय मातृभाषा अनुष्ठान’; भाषाई पत्रकारिता और डिजिटल दौर में मातृभाषाओं पर होगा संवाद, राष्ट्रीय कवि सम्मेलन और ‘संत राग’ भी रहेंगे खास
Hindi Diwas 2026: भोपाल में दो दिन मातृभाषाओं, पत्रकारिता और साहित्य पर होगा मंथन, CM मोहन यादव करेंगे ‘भारतीय मातृभाषा अनुष्ठान’ का शुभारंभ

भोपाल। हिंदी दिवस पर भोपाल का भारत भवन देश की अलग-अलग मातृभाषाओं, साहित्य और भाषाई पत्रकारिता से जुड़े संवाद का मंच बनने जा रहा है। 14 और 15 सितंबर को यहां दो दिवसीय ‘भारतीय मातृभाषा अनुष्ठान’ आयोजित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 सितंबर को शाम 4 बजे इसका शुभारंभ करेंगे। आयोजन में देशभर से वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार और कवि शामिल होंगे।

इस बार अनुष्ठान का केंद्रीय विषय ‘मातृभाषा, संस्कृति और भारतीय जीवन-मूल्यों पर संवाद’ रखा गया है। दो दिनों में मातृभाषाओं की भूमिका से लेकर डिजिटल दौर में उनके सामने मौजूद चुनौतियों, भाषाई पत्रकारिता और भारत की भाषाई विविधता जैसे विषयों पर अलग-अलग सत्र होंगे। राष्ट्रीय कवि सम्मेलन और संत कवियों की वाणी की प्रस्तुति भी कार्यक्रम का हिस्सा होगी।

आयोजन संस्कृति विभाग के वीर भारत न्यास और संस्कृति संचालनालय द्वारा किया जा रहा है। इसमें भारत भवन, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान और मातृभाषा मंच की सहभागिता रहेगी।

पहले दिन ‘मातृभाषा से राष्ट्रभाषा’ तक होगी बात

मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी के मुताबिक, उद्घाटन के बाद शाम 4:30 बजे पहला सत्र ‘मातृभाषा से राष्ट्रभाषा : भाषाओं में भारत की आत्मा’ विषय पर होगा। इसमें बांग्ला के स्नेहाशीष सूर और कश्मीरी के आसिम मोहिउद्दीन अपनी बात रखेंगे। सत्र का समन्वय माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी करेंगे।

शाम 6 बजे से ‘भाषाई पत्रकारिता, समाज की आवाज़’ विषय पर दूसरा सत्र होगा। इसमें जयदीप कर्णिक, वरिष्ठ संपादक गिरीश उपाध्याय और वरिष्ठ पुरातत्वविद नारायण व्यास शामिल होंगे। इसका समन्वय दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान के निदेशक मुकेश मिश्रा करेंगे।

इससे पहले शाम 4 बजे ‘पूर्वरंग’ में उमेश तरकसवार एवं साथी भारतीय भाषाओं और बोलियों के गीत प्रस्तुत करेंगे।

शाम को राष्ट्रीय कवि सम्मेलन

पहले दिन शाम 7:30 बजे राष्ट्रीय कवि सम्मेलन होगा। इसमें डॉ. कीर्ति काले, स्वयं श्रीवास्तव, दिनेश दिग्गज, शैलेन्द्र मधुर, अज़हर इकबाल और रामायणधर द्विवेदी काव्य पाठ करेंगे।

दूसरे दिन सवाल- डिजिटल दौर में मातृभाषाओं का भविष्य क्या?

15 सितंबर को चर्चा का फोकस बदलकर डिजिटल दुनिया और पत्रकारिता पर आ जाएगा। शाम 4 बजे ‘डिजिटल युग में मातृभाषाएँ : संकट, संभावना और नई पत्रकारिता’ विषय पर सत्र होगा। इसमें उर्दू के वरिष्ठ संपादक अब्दुल वदूद साजिद, मराठी पत्रकार अजय बोकिल, असमिया के वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक समुद्रगुप्त कश्यप और फ्रेंड्स ऑफ मध्यप्रदेश, यूके के संस्थापक रोहित दीक्षित विचार रखेंगे।

इसके बाद शाम 5:30 बजे ‘भाषा अनेक, भारत एक’ विषय पर चर्चा होगी। इसमें मनोज के. दास, सतीश के. सिंह, अनुराग उपाध्याय और मनोज शर्मा सहित अन्य पत्रकार शामिल होंगे।

दो दिवसीय आयोजन का सांस्कृतिक समापन शाम 7:30 बजे ‘संत राग’ से होगा, जिसमें नई दिल्ली की सुधा रघुरामन संत कवियों की वाणी प्रस्तुत करेंगी।

प्रदर्शनी के साथ कई पुस्तकों का लोकार्पण

भारत भवन में आयोजन के दौरान भारतीय भाषाओं से जुड़े शब्द-चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके साथ महर्षि पाणिनि, भोजदेव, महर्षि पतंजलि, भर्तृहरि और सम्राट राजेंद्र चोल सहित भारतीय परंपरा के महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों से संबंधित कृतियों तथा कई पुस्तकों का लोकार्पण होगा।

इनमें ‘युग-युगीन जल’, ‘उड़ चल अपने देश’, ‘अष्टावक्र गीता’, ‘नारद गीता’, ‘गर्भ गीता’, ‘ब्राह्मण गीता’, ‘उत्तर गीता’, ‘परमहंस गीता’, ‘वृत्र गीता’, ‘हंस गीता’, ‘चंद्र गीता’, ‘जानकी गीता’ और सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ से संबंधित पुस्तक शामिल हैं।

आयोजकों के मुताबिक, भारतीय सभ्यता और संस्कृति की कई स्मृतियां देश की मातृभाषाओं, बोलियों और लिपियों में सुरक्षित हैं। इसी विरासत को आज के समाज और नई पीढ़ी से जोड़ने के लिए हिंदी दिवस पर साहित्य, भाषा, पत्रकारिता और संस्कृति को एक मंच पर लाने की कोशिश की गई है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews
Hindi Diwas 2026: भोपाल में दो दिन मातृभाषाओं, पत्रकारिता और साहित्य पर होगा मंथन, CM मोहन यादव करेंगे ‘भारतीय मातृभाषा अनुष्ठान’ का शुभारंभ