MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

जीतू पटवारी ने शिवराज सिंह चौहान से कहा “प्रधानमंत्री को बताएं MP की समस्याएं”, प्रदेश के मुद्दे गिनाए

विदिशा में आदिवासी परिवारों पर हुई कार्रवाई को लेकर शिवराज सिंह चौहान के प्रधानमंत्री से शिकायत करने की बात के बीच कांग्रेस नेता ने प्रदेश के अन्य मुद्दे भी उठाने की मांग की है। उन्होंने ओबीसी आरक्षण, किसानों की फसल खरीदी, खाद की उपलब्धता, बढ़ते कर्ज, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं।
Jitu Patwari PC

Jitu Patwari

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मांग की है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने कोसमी गांव में आदिवासी परिवारों पर हुई कार्रवाई के साथ प्रदेश के दूसरे अहम मुद्दे भी उठाएं। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान प्रधानमंत्री से मुलाकात कर बुधनी विधानसभा क्षेत्र के कोसमी गांव में आदिवासी परिवारों पर हुए सरकारी अत्याचार की शिकायत कर रहे हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने प्रदेश की समस्याओं को भी प्रधानमंत्री के संज्ञान में लाने की मांग की है।

कांग्रेस नेता ने अपनी पोस्ट में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण, किसानों की फसल की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी और खाद की उपलब्धता का मुद्दा उठाया। इसके साथ ही उन्होंने मध्यप्रदेश पर बढ़ते कर्ज, भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी, अपराध और नौकरशाही के कामकाज पर सवाल खड़े किए। उन्होंने भाजपा सरकार में गहरे अंतर्कलह का आरोप लगाते हुए कहा कि इन विषयों को भी प्रधानमंत्री के सामने रखना चाहिए।

कोसमी में आदिवासी परिवारों के घर तोड़े जाने का मामला

सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र के कोसमी गांव में वन विकास निगम की कार्रवाई के दौरान बारेला आदिवासी समुदाय के 12 परिवारों के घर तोड़े जाने का मामला सामने आया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार्रवाई में घरों के साथ फसलों को भी नुकसान पहुंचा और एक कुएं को मिट्टी से भर दिया गया। अधिकारियों की ओर से यह कार्रवाई वन भूमि पर कथित अतिक्रमण हटाने के लिए की गई थी।

शिवराज सिंह चौहान ने जताई नाराजगी

घटना की जानकारी मिलने के बाद शिवराज सिंह चौहान गांव पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कार्रवाई पर नाराजगी जताई और अधिकारियों से बात कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कदम उठाने की मांग की। उन्होंने प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने का भरोसा भी दिया। उन्होंने इस घटना को “जुल्म की पराकाष्ठा” और “अन्याय की इंतहा” बताय। उन्होंने कहा कि वह इस पूरे मामले की शिकायत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करेंगे।

जीतू पटवारी ने कही ये बात

जीतू पटवारी ने शिवराज सिंह चौहान को संबोधित करते हुए कहा कि जब वे प्रधानमंत्री से मुलाकात करें तो बुधनी में आदिवासी परिवारों पर हुए “सरकारी अत्याचार” की शिकायत के साथ अन्य मुद्दे भी उठाएं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण, सही MSP पर फसल खरीदी, किसान के लिए खाद की उपलब्धता, मध्यप्रदेश में बढ़ता कर्ज, करप्शन, कमीशन, बेलगाम अपराध, निरंकुश हुई नौकरशाही और भाजपा सरकार में मचे हुए अंतर्कलह की जानकारी भी प्रधानमंत्री को दें।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews