मध्य प्रदेश की 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की मार्च 2026 की किस्त का इंतजार है। संभावना जताई जा रही है कि अगले हफ्ते (10 से 15 मार्च 2026 के बीच) 34वीं किस्त के 1500-1500 रुपए पात्र लाभार्थी के DBT (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी जा सकती है। किस्त जारी होते ही लाभार्थियों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS प्राप्त होगा।
हालांकि, मोहन सरकार की ओर से अभी आधिकारिक तिथि की घोषणा होना बाकी है।पिछली किस्त 14 फरवरी 2026 को जारी की थी। ध्यान रखें जिन महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन करा रखा है और पात्रता की शर्तों को पूरा करती हैं, उन्हें ही अगली किस्त का लाभ मिलेगा। जिन महिलाओं ने ई-केवाईसी (e-KYC) नहीं करवाई है, उनकी राशि अटक या रुक सकती है। पात्र लाभार्थी अधिकारिक पोर्टल cmladlibahna.mp.gov.in पर जाकर ‘आवेदन एवं भुगतान की स्थिति’ के जरिए अपनी किस्त का स्टेटस चेक कर सकते हैं।
2023 में शुरू हुई थी योजना, हर माह मिलते हैं 1500 रुपए
मध्य प्रदेश सरकार द्वारा मई 2023 में लाड़ली बहना योजना शुरू की गई थी। योजना के उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, परिवार में उनके निर्णय अधिकार को मजबूत करना तथा स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सतत सुधार सुनिश्चित करना है। 10 जून 2023 को योजना की पहली किस्त जारी की गई थी। योजना की शुरुआत में 1000 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती थी, जिसे अक्टूबर 2023 में बढ़ाकर 1,250 रुपये किया गया। इसके बाद नवंबर 2025 से राशि में पुनः 250 रुपये की वृद्धि की गई। इसके अतिरिक्त अगस्त 2023, 2024 व 2025 में रक्षाबंधन के मौके पर 250 रुपये की विशेष सहायता राशि भी बहनों को प्रदान की गई। वर्तमान में सामान्य हितग्राही महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह (18000 रु सालाना) दिए जाते हैं। सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रही महिलाओं को 900 रुपये प्रतिमाह मिलते हैं।
ये है योजना पात्रता
कौन है योजना के लिए पात्र: मध्य प्रदेश की स्थानीय निवासी हो। विवाहित महिला के साथ निर्धन, विधवा, तलाकशुदा एवं परित्यक्ता महिलाएं भी शामिल हैं। 21 से 60 वर्ष तक की आयु की महिलाएं पात्रता के दायरे में आती हैं। स्वयं का बैंक खाता होने का साथ बैंक खाते मे आधार लिंक एवं डीबीटी सक्रिय होना चाहिए। समग्र पोर्टल पर आधार के डाटा का ओटीपी या बायोमेट्रिक के माध्यम से वेरिफाई होना चाहिए।
कौन है योजना के लिए अपात्र:
स्वयं/ परिवार की सम्मिलित रूप से स्वघोषित वार्षिक आय 2.5 लाख से अधिक हो या आयकरदाता हो। जिनके पास संयुक्त रूप से 5 एकड़ से अधिक कृषि भूमि हो। जिनके परिवार के पास चार पहिया वाहन (ट्रैक्टर को छोड़कर) हो। स्वयं / परिवार का कोई भी सदस्य भारत सरकार अथवा राज्य सरकार के शासकीय विभाग/ उपक्रम/ मण्डल/ स्थानीय निकाय में नियमित/स्थाईकर्मी/ संविदाकर्मी के रूप में नियोजित हो अथवा सेवानिवृत्ति उपरांत पेंशन प्राप्त कर रहा हो।
बजट में भी प्रावधान
योजना के अंतर्गत अबतक लाड़ली बहनों को 52,304 करोड़ रुपए की राशि दी गई है। भविष्य में योजना की चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर 1500 से 3000 रुपये प्रति माह तक ले जाने का राज्य सरकार का लक्ष्य है। वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में राज्य सरकार ने 23,882 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिससे यह स्पष्ट है कि योजना निरंतर जारी रहेगी।
लाभार्थी सूची में कैसे चेक करें अपना नाम
- लाड़ली बहना की आधिकारिक वेबसाइट https://cmladlibahna.mp.gov.in/ पर जाएं।
- वेबसाइट के मुख्य पृष्ठ पर “आवेदन एवं भुगतान की स्थिति” वाले विकल्प पर
क्लिक करें। - दूसरे पृष्ठ पर पहुंचने के बाद, अपना आवेदन नंबर या सदस्य समग्र क्रमांक दर्ज करें।
- कैप्चा कोड सबमिट करने के बाद, मोबाइल पर एक ओटीपी भेजा जाएगा।
- मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करें और वेरिफाई करें।
- ओटीपी वेरिफाई करने के बाद “सर्च” विकल्प पर क्लिक करें और आपका भुगतान स्थिति खुल जाएगी।






