Hindi News

मप्र समाधान योजना: 28 फरवरी तक चलेगा दूसरा चरण, 90 फीसदी तक मिलेगी सरचार्ज में छूट, जानिए कैसे उठा सकते हैं लाभ

Written by:Pooja Khodani
Published:
Samadhan Yojana: समाधान योजना 2025-26 के प्रथम चरण में 350 करोड़ 67 लाख रूपये का सरचार्ज माफ किया गया है। वहीं 17 लाख 15 हजार उपभोक्ताओं ने पंजीयन कराया है।
मप्र समाधान योजना: 28 फरवरी तक चलेगा दूसरा चरण, 90 फीसदी तक मिलेगी सरचार्ज में छूट, जानिए कैसे उठा सकते हैं लाभ

मध्य प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए काम की खबर है। समाधान योजना 2025-26 का 1 फरवरी से दूसरा चरण शुरू हो गया है जो 28 फरवरी तक चलेगा। उपभोक्ता दूसरे चरण में शामिल होकर बकाया बिल एकमुश्त जमा करके 90 प्रतिशत तक सरचार्ज माफ का लाभ उठा सकते हैं।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने 2 फरवरी 2026 को प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि समाधान योजना 2025-26 के प्रथम चरण में 852 करोड़ 76 लाख रूपये मूल राशि जमा हुई है। साथ ही 350 करोड़ 67 लाख रूपये का सरचार्ज माफ किया गया है। योजना में 17 लाख 15 हजार उपभोक्ताओं ने पंजीयन कराया है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि तीन माह से अधिक के शेष बकायादार उपभोक्ता योजना के द्वितीय चरण में शामिल होकर अपना बकाया बिल एकमुश्त जमा कर 90 फीसदी तक सरचार्ज माफी का लाभ उठा सकते हैं।

जानिए किस वितरण कंपनी के खाते में अबतक कितनी राशि हुई जमा

  • मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के 5 लाख 27 हजार बकायादार उपभोक्ताओं ने पंजीयन कराकर लाभ लिया है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के खाते में 534 करोड़ 16 लाख की मूल राशि जमा हुई है, जबकि 263 करोड़ 94 लाख रूपए का सरचार्ज माफ किया गया है।
  • पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में 6 लाख 8 हजार उपभोक्ताओं ने पंजीयन कराया है। मूल राशि 174 करोड़ 94 लाख रूपये जमा हुई है तथा 62 करोड़ 11 लाख रूपये का सरचार्ज माफ किया गया है।
  • पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी क्षेत्रान्तर्गत 5 लाख 80 हजार उपभोक्ताओं ने पंजीयन कराया है। कुल मूल राशि 143 करोड़ 66 लाख रूपये जमा हुई है। साथ ही 24 करोड़ 62 लाख रूपये का सरचार्ज माफ किया गया है।

28 फरवरी तक चलेगा दूसरा चरण

  • मध्य प्रदेश में समाधान योजना 3 नवंबर 2025 से शुरू की गई है। समाधान योजना 2025-26 का उद्देश्य 3 माह से अधिक अवधि के उपभोक्ताओं को बकाया विलंबित भुगतान के सरचार्ज पर छूट प्रदान करना है। यह योजना दो चरणों में शुरू की गई।
  • प्रथम चरण 3 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक रहा। इसमें बकाया बिल एकमुश्त जमा करने पर 60 से लेकर 100 प्रतिशत तक सरचार्ज माफ किया गया।
  • दूसरा व अंतिम चरण 1 फरवरी से शुरू हो गया है जो 28 फरवरी 2026 तक चलेगा। इस चरण में 50 से 90 प्रतिशत तक सरचार्ज माफ किया जाएगा।
  • घरेलू एवं कृषि उपभोक्ता कुल बकाया राशि का 10 प्रतिशत तथा गैर घरेलू और औद्योगिक उपभोक्ता कुल बकाया राशि का 25 प्रतिशत भुगतान कर पंजीयन कराकर योजना में शामिल होकर लाभ उठा सकते हैं।

समाधान योजना 2025-26 चरण

  • योजना शुरू: 3 नवंबर 2025
  • प्रथम चरण: 3 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक, 60%–100% सरचार्ज माफी (एकमुश्त भुगतान पर)
  • द्वितीय चरण: 1 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक, 50%–90% सरचार्ज माफी