9 दिन देरी से पहुंचे मानसून ने अबतक मध्य प्रदेश के 15 जिलों को कवर कर लिया है और अगले दो से तीन दिनों में अन्य जिलों में पहुंचेगा। फिलहाल 28-29 जून तक बारिश का दौर जारी रहेगा। गुरुवार को प्रदेश के 45 जिलों में तेज हवा, वज्रपात और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं सीधी में लू चलने की संभावना है।
आमतौर पर प्रदेश में मानसून 15 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन इस बार 9 दिन की देरी से 24 जून को पहुंचा। अबतक मानसून आलीराजपुर, बड़वानी, धार, इंदौर, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी में मानसून के प्रवेश कर चुका है। अगले 2-3 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर अरब सागर के कुछ और भागों, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड एवं बिहार के शेष भागों तथा उत्तर प्रदेश के कुछ भागों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। इसके पश्चात अगले 2-3 दिनों के दौरान मानसून के गुजरात, मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के कुछ और भागों तथा उत्तराखंड के कुछ भागों में आगे बढ़ने की संभावना है।
मानसून की देरी के चलते 1 से 24 जून के बीच मध्य प्रदेश में सामान्य से करीब 50 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश में 1 जून से 24 जून तक औसतन 84.8 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 42 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में औसत से 70% और पश्चिमी मध्य प्रदेश औसत से 32% कम पानी गिरा है। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, रीवा, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, बालाघाट, धार, खरगोन, रायसेन, सीहोर में सामान्य से कम बारिश हुई है।
गुरुवार को इन जिलों में अलर्ट
- सीहोर में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ 60 किलोमीटर तक की रफ्तार से हवा चल सकती है। सीधी में कहीं-कहीं लू चलेगी।
- नीमच, मंदसौर, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, रीवा और सिंगरौली में गर्मी और उमस बनी रह सकती है।
- भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, पांढुर्णा में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और 60 किलोमीटर तक की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है।







