कक्षा 5वीं और 8वीं के छात्रों के लिए काम की खबर हैं। शिक्षण सत्र 2025-26 की मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण या अनुपस्थित छात्रों के लिए पुन: परीक्षा जून में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा 1 से 6 जून 2026 के बीच होगी। इस संबंध में राज्य शिक्षा केंद्र ने दिशा निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
इस परीक्षा में प्रदेश के समस्त शासकीय, मान्यता प्राप्त अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त शालाओं और पंजीकृत मदरसों में अध्ययनरत छात्र शामिल हो सकेंगे। प्रवेश पत्र राज्य शिक्षा केन्द्र के परीक्षा पोर्टल www.rskmp.in के माध्यम से डाउनलोड कर सकेंगे। साथ ही शाला प्रमुख/जनशिक्षा केन्द्र प्रभारी/बीआरसीसी, डीपीसी के लॉगिन अंतर्गत परीक्षा पोर्टल से परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सुविधा रहेगी।
सभी बीआरसीसी को निर्देशित किया गया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके ब्लॉक के सभी विद्यार्थियों को संबंधित स्कूल के प्रधान पाठक के माध्यम से 25 मई तक प्रवेश पत्र अनिवार्य रूप से प्राप्त हो जाएं। संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र हरजिंदर सिंह ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षार्थियों द्वारा पूर्व में प्रोजेक्ट कार्य पूर्ण नहीं करने अथवा प्रोजेक्ट कार्य में 7 से कम अंक होने की स्थिति में छात्रों से अनुत्तीर्ण अथवा अनुपस्थित रहे विषयों के प्रोजेक्ट कार्य पूर्ण करवाकर स्कूल स्तर पर मूल्यांकन किया जाए । इसके अलावा प्रोजेक्ट के प्राप्तांकों की प्रविष्टि भी परीक्षा पोर्टल पर कराई जाएगी।
जन शिक्षा केन्द्र स्तर पर होंगे परीक्षा केन्द्र
- कक्षा 5वीं व 8वीं की पुन: परीक्षा के लिए परीक्षा केन्द्र केवल जनशिक्षा केन्द्र स्तर पर बनाए जाएंगे।
- अगर किसी जिले में किसी परीक्षा केन्द्र पर 500 से अधिक परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हों तो उस स्थिति में राज्य शिक्षा केन्द्र से अनुमति उपरांत दूसरा परीक्षा केन्द्र निर्धारित किया जा सकेगा।
- परीक्षा केन्द्र निर्धारण उपरांत शाला की मैपिंग संबंधित बी.आर.सी.सी. द्वारा 15 मई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
- प्रश्नपत्रों की ऑन स्पॉट प्रिंटिंग निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर ही की जाएगी।
- परीक्षा पोर्टल से प्रश्नपत्रों को डाउनलोड एवं प्रिंट करने के लिए जिला परियोजना समन्वयक नोडल अधिकारी होंगे।
- निर्धारित परीक्षा केन्द्र पर न्यूनतम 2 कम्प्यूटर/लैपटॉप, 2 कार्यशील प्रिंटर, इंटरनेट, पर्याप्त ए-4 साईज पेपर, टोनर की उपलब्धता एवं सुगम विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- परीक्षार्थियों की परीक्षा में उपस्थिति एवं परीक्षा केन्द्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित शाला प्रमुख/शिक्षक को दी गई है।
पास होने के लिए 33 प्रतिश मार्क्स जरूरी
छात्रों को उत्तीर्ण होने के लिए प्रत्येक विषय में कम से कम 33% अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। यदि कोई छात्र एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण (Fail) होता है, तो उसे रिजल्ट के बाद आयोजित होने वाली ‘विशेष परीक्षा’ में शामिल होने का मौका दिया जाएगा।कंपार्टमेंट परीक्षा में पास होने पर छात्र को अगली कक्षा में प्रमोट किया जाएगा। कंपार्टमेंट परीक्षा की तारीखें रिजल्ट के बाद घोषित की जाएंगी।
25 मार्च को जारी हुए थे मुख्य परीक्षा के नतीजे
बता दें कि स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने 25 मार्च 2026 को कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम जारी किए थे । परीक्षा में प्रदेश के सरकारी, निजी स्कूलों और मदरसों के लगभग 23 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हुए थे। इसमें कक्षा 5वीं के 12 लाख 76 हज़ार से अधिक तथा कक्षा 8वीं के 10 लाख 92 हज़ार से अधिक छात्र शामिल हुए थे। इस बार कक्षा 5वी और 8वीं में 17 लाख छात्र पास हुए। 5वीं का 95.14 प्रतिशत और 8वीं का 93.83 प्रतिशत रिजल्ट रहा। छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 94.98% तो छात्रों का 92.74% दर्ज किया गया।






