Hindi News

MP News : उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप कई बदलाव लागू, देखें डिटेल

Written by:Atul Saxena
Published:
Last Updated:
प्रवेश पंजीयन के लिये वि‌द्यार्थी ई-प्रवेश मोबाइल ऐप एवं प्रवेश पोर्टल https://epravesh.highereducation.mp.gov.in/ के माध्यम से पंजीयन कर सकेंगे।
MP News : उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप कई बदलाव लागू, देखें डिटेल

MP News : 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों के लिए ये अच्छी खबर हैं, उन्हें अपने सपनों को उड़ान देने के लिए अब वे कॉलेज का चयन कर सकते हैं, राज्य शासन ने प्रदेश के उच्च शिक्षा संस्थानों में आज से प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है, सरकार ने इस सत्र से पंजीयन शुल्क भी घटा दिया है साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत कई बदलाव भी लागू किये हैं।

आपको बता दें मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने कल बुधवार को उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया संबंधी ई-प्रवेश प्रकिया ब्रोशर का विमोचन किया। इसके अनुसार उच्च शिक्षा संस्थानों  में प्रवेश प्रक्रिया 15 मई 2025 से प्रारम्भ होगी तथा 4 जुलाई तक संचालित की जाएगी। प्रवेश प्रक्रिया में तीन चरण होंगे जिसमें दो केंद्रीकृत चरण तथा एक सीएलसी चरण होगा।

ई-प्रवेश मोबाइल एप पर रजिस्ट्रेशन 

उच्च शिक्षा विभाग के मुताबिक इस सत्र से ई-प्रवेश मोबाइल एप विकसित किया गया है जिसमें विद्यार्थी को पंजीयन में आसानी होगी वह जहाँ है वहीं से पंजीयन कर सकता है। ऐसे विद्यार्थी जो घर से पंजीयन नहीं कर पा रहे हैं वो शासकीय महाविद्यालय के हेल्प सेंटर पर पंजीयन कर सकते हैं। निकटतम शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक वि‌द्यालय में भी सहायता केन्द्र बनाया जा रहा है।

सामान्य एवं एनसीटीई पाठ्यक्रमों के लिए अब एक ही पोर्टल 

प्रवेश के लिए सामान्य पाठ्यक्रमों एवं एनसीटीई के लिए पृथक पोर्टल को समाप्त कर केवल एक ही पोर्टल किया गया है। एनसीटीई पाठ्यक्रमों में पंजीयन शुल्क 250 रुपये था सामान्य पाठ्यक्रमों में 150 रुपये पंजीयन शुल्क एवं 50 रुपये पोर्टल शुल्क इस तरह से 200 रूपये था। दोनों पाठ्यक्रमों में पंजीयन शुल्क घटाकर 100 रुपये किया गया है।

प्रथम चरण में छात्राओं से कोई शुल्क नहीं

प्रथम चरण में छात्राओं से कोई शुल्क नहीं लिया जायेगा। पूर्व में पोर्टल शुल्क 50 रुपये था छात्राओं के लिए कोई पोर्टल शुल्क नहीं लिया जाता था। इस सत्र से सभी पाठ्यक्रमों से पोर्टल शुल्क समाप्त कर दिया गया है। द्वितीय चरण से समस्त छात्र/छात्राओं को पंजीयन शुल्क 150 रुपये होगा।

इस सत्र से एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में एडमिशन 

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप इस वर्ष से एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारम्भ किया जा रहा है। विद्यार्थी अपनी न्यूनतम योग्यता के आधार पर उक्त पाठ्यक्रम में प्रवेश ले सकते हैं। साथ ही पूर्वानुसार दो वर्षीय स्नातकोतर पाठ्यक्रम भी संचालित रहेगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों के लिये अध्यादेश क्रमांक 14(1) इस वर्ष लागू किया गया है तदनुसार प्रवेश प्रक्रिया में परिवर्तन किया गया है।

विद्यार्थी को विषय चुनने की आजादी  

पूर्व में वि‌द्यार्थी को तीन विषय समूह में से किसी एक समूह को चुनना पड़ता था। इस वर्ष से प्रवेश मेजर विषय के आधार पर दिया जायेगा। विद्यार्थी अपनी अभिरुचि अनुसार अन्य मायनर एवं बहु संकायी विषयों का चयन कर सकता है, विभाग द्वारा हेल्प लाइन नम्बर 80000 63632, टोल फ्री नम्बर 18008908399 तथा हेल्पडेस्क स्थापित किया गया है जो 24×7 निरंतर कार्य करेगा।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews