होली से पहले मध्य प्रदेश में मौसम ने फिर करवट ले ली है। दिन-रात के तापमान में इजाफा होने लगा है। हालांकि सुबह-शाम ठंडक बनी हुई है। शनिवार (28 फरवरी 2026) को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.8 °C खरगोन और न्यूनतम तापमान 11.8 °C मंदसौर और पचमढ़ी में दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में रविवार (1 मार्च 2026) को मौसम सामान्य और शुष्क रहने का अनुमान है। दिन का अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 15°C तक रह सकता है। हवाओं की गति 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।
4 मार्च को सक्रिय होगा नया सिस्टम
मौसम केंद्र, भोपाल की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर चक्रवातीय परिसंचरण और ट्रफ सक्रिय है। उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर लगभग 222 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। 4 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इसके असर से मौसम में बदलाव आएगा। अगले 5 दिनों में दिन और रात के तापमान में 2 से 4 °C तक वृद्धि हो सकती है। कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी होने की संभावना है। खास करके मालवा, निमाड़ और भोपाल संभाग में आंशिक बादल छा सकते हैं। नमी बढ़ने से कहीं-कहीं गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
मार्च के दूसरे हफ्ते से बढ़ेगी गर्मी
भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को मौसम के संबंध में नया अपडेट जारी किया है जिसके अनुसार, मार्च के पहले सप्ताह में हल्की बारिश हो सकती है। दूसरे सप्ताह से गर्मी असर देखने को मिलेगा। दिन के साथ रातें भी गर्म होंगी। मार्च से मई के बीच पूरे प्रदेश में सामान्य से अधिक तापमान रहने की संभावना जताई है। हीट वेव का असर अप्रैल-मई में ही रहेगा। मार्च में तापमान 38 से 40 °C और अप्रैल-मई में पारा 42 से 45 °C तक पहुंचने की आशंका है।
न्यूनतम तापमान 11 °C से ऊपर
- मंदसौर/पचमढ़ी नर्मदापुरम में 11.8°C
- इंदौर में 12.5
- करौंदी (कटनी) में 12.7°C
- कल्याणपुर (शहडोल) में 13.2°C
- गिरवर (शाजापुर) में 13.4
अधिकतम तापमान 34 °C पार
- खरगोन में 34.8 °C
- खजुराहो (छतरपुर) में 34.3 °C
- नर्मदापुरम में 34.2 °C
- खंडवा में 34.1°C
- बैरसिया (भोपाल) में 33.7°C
MP Weather Forecast Report







