लोक निर्माण विभाग द्वारा गुणवत्ता सुधार हेतु बनाई गई कार्ययोजना के अनुसार चीफ इंजीनियर्स के सात दलों द्वारा मध्यप्रदेश के भोपाल, नरसिंहपुर, मुरैना, धार, उमरिया, उज्जैन एवं पन्ना जिलों में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुल 35 कार्यों को रेंडम आधार पर चयनित कर निरीक्षण किया गया, जिनमें 21 कार्य लोक निर्माण विभाग (सड़क/पुल), 05 कार्य परियोजना कार्यान्वयन इकाई (भवन), 01 कार्य लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र), 06 कार्य मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम तथा 02 कार्य मध्यप्रदेश भवन विकास निगम से संबंधित थे।
समीक्षा बैठक में एक्शन
निरीक्षण प्रतिवेदन की समीक्षा बैठक प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम भरत यादव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। इस बैठक में प्रमुख अभियंता, तकनीकी सलाहकार एमपीआरडीसी, सहित सभी मुख्य अभियंता, अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री एवं निरीक्षण दल के अधिकारी उपस्थित रहे।
इन्हे मिला नोटिस
निरीक्षण के दौरान उज्जैन जिले में लोक निर्माण विभाग (सड़क/पुल) के उज्जैन-बड़नगर बायपास दो लेन सड़क (राष्ट्रीय राजमार्ग-18 का छुटा हुआ भाग) कार्य मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया, जिस पर ठेकेदार सैंगर बिल्डर्स, ग्राम बसेरी, सैंगर मंडी, धौलपुर (राजस्थान) को काली सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए गए। पन्ना जिले में लोक निर्माण विभाग (सड़क/पुल) के खमरिया-अतरहाई से रीठी सड़क निर्माण कार्य में गंभीर खामियाँ मिलने पर संबंधित कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री एवं उपयंत्री के विरुद्ध वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई की अनुशंसा की गई तथा ठेकेदार राधा बल्लभ ट्रेडर्स को काली सूचीबद्ध करने का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। पन्ना जिले के ही मकरंदगंज से बरबसपुरा मार्ग (नरेन्द्रपुरा होकर) निर्माण कार्य मानकों पर खरा नहीं उतरा, जिसके चलते ठेकेदार मारुति नंदन प्रो. कृष्ण कुमार गर्ग को काली सूचीबद्ध करने का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री एवं उपयंत्री को नोटिस जारी
उमरिया जिले में लोक निर्माण विभाग (सड़क/पुल) के मझगांवा मोड़ से कुदर सड़क (लंबाई 3.60 किलोमीटर) निर्माण कार्य मानकों से विपरीत पाया गया। इस पर संबंधित कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री एवं उपयंत्री को नोटिस जारी किया गया तथा ठेकेदार वैष्णों एसोसिएट, सतना को काली सूचीबद्ध करने हेतु निर्देशित किया गया। इसी जिले में मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम लिमिटेड के उमरिया-शहडोल खण्ड (किलोमीटर 68/4 से 142/2, पैकेज-2) निर्माण कार्य में भी कमियाँ पाई गईं, जिस पर मुख्य ठेकेदार एम/एस जी.वी.आर. इन्फ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड, चेन्नई को आवश्यक सुधार कार्य करने हेतु नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
इन्हे मिली प्रशंसा
वहीं, नरसिंहपुर जिले में मध्यप्रदेश भवन विकास निगम लिमिटेड के अंतर्गत नरसिंहपुर-क्रिटिकल केयर चिकित्सालय ब्लॉक का निर्माण कार्य गुणवत्ता की दृष्टि से उत्तम पाया गया। इस सराहनीय कार्य हेतु जे.पी. बघेल (संभागीय प्रबंधक), मानवेंद्र सिंह सेंगर, अभिराज सिंह पटेल (प्रबंधक) एवं ठेकेदार हरगोविंद गुप्ता की प्रशंसा की गई। बैठक के दौरान अन्य निर्देश भी दिए गए, जिनमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का शिकायतकर्ता को अवगत कराकर संतोषजनक निराकरण करना, आवश्यकता अनुसार सड़कों की सतत मरम्मत कार्य करना तथा सड़क मरम्मत कार्यों के साथ यातायात की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना शामिल है।





