पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा यात्रियों के छूटे हुए सामान को सुरक्षित बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुँचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा “ऑपरेशन अमानत” अभियान लगातार सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से आरपीएफ की सतर्कता एवं तत्परता के कारण अनेक यात्रियों को उनका खोया हुआ कीमती सामान वापस मिल सका है।

यात्रियों की सुरक्षा और सेवा के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता

वर्ष 2025 के दौरान भोपाल मंडल के आरपीएफ द्वारा कुल 472 मामलों में यात्रियों का छूटा हुआ सामान बरामद कर उन्हें वापस किया गया, जिसकी कुल अनुमानित कीमत ₹1,35,57,983 है। यह अभियान यात्रियों की सुरक्षा और सेवा के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इन महीनों में यात्रियों को मिला समान 

जनवरी में 45 मामलों में ₹8,73,000 मूल्य का सामान वापस किया गया, फरवरी में 36 मामलों में ₹8,02,338 मूल्य का सामान बरामद कर लौटाया गया, मार्च में 27 मामलों में ₹6,67,500 मूल्य का सामान वापस किया गया, अप्रैल में 27 मामलों में ₹4,46,200 मूल्य का सामान बरामद किया गया, मई में 48 मामलों में ₹10,10,708 मूल्य का सामान यात्रियों को सौंपा गया, जून में 34 मामलों में ₹8,35,610 मूल्य का सामान वापस किया गया, जुलाई में 52 मामलों में ₹7,83,069 मूल्य का सामान लौटाया गया, अगस्त में 44 मामलों में ₹9,59,949 मूल्य का सामान बरामद किया गया, सितंबर में 33 मामलों में ₹5,10,071 मूल्य का सामान वापस किया गया, अक्टूबर में 43 मामलों में ₹21,81,229 मूल्य का सामान यात्रियों को सौंपा गया, नवंबर में 45 मामलों में ₹37,65,729 मूल्य का सामान बरामद कर लौटाया गया, दिसंबर में 38 मामलों में ₹7,22,580 मूल्य का सामान वापस किया गया।

यात्रियों का कीमती समान 

ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों द्वारा छूटे हुए बैग, मोबाइल, लैपटॉप, आभूषण तथा अन्य कीमती वस्तुओं को खोजकर उनके असली मालिकों तक पहुँचाने के लिए आरपीएफ निरंतर सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। सीसीटीवी निगरानी, आधुनिक तकनीक तथा कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई के कारण यात्रियों को उनका सामान शीघ्र वापस मिल रहा है। भोपाल मंडल रेल प्रशासन ने आरपीएफ के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि “ऑपरेशन अमानत” यात्रियों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को मजबूत करता है तथा रेलवे की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

यात्रियों से अपील 

यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान अपने सामान का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 या आरपीएफ हेल्पलाइन 182 पर संपर्क करें।