Hindi News

पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा 2024 प्रक्रिया अंतिम चरण में, 4 से 7 अगस्त दस्तावेज सत्यापन, जल्दी जारी होंगे नियुक्ति पत्र

Written by:Atul Saxena
Published:
दस्तावेज़ सत्यापन के बाद पात्र अभ्यर्थियों को पर्यवेक्षक पद के लिये नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि को अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों के दावे पर आगे विचार नहीं किया जाएगा।
पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा 2024 प्रक्रिया अंतिम चरण में, 4 से 7 अगस्त दस्तावेज सत्यापन, जल्दी जारी होंगे नियुक्ति पत्र

मध्य प्रदेश शासन की सेवा करने के लिए तत्पर अभ्यर्थियों के लिए एक अच्छी खबर है, पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा 2024 की मेरिट सूची अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। महिला एवं बाल विकास द्वारा चयनित प्रतिभागियों के मूल दस्तावेजों का परीक्षण 4 से 7 अगस्त तक भोपाल स्थित संचालनालय, महिला एवं बाल विकास, विजया राजे वात्सल्य भवन, अरेरा हिल्स में किया जाएगा।

मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) द्वारा आयोजित की गई परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन कार्यक्रम को दो भागों, सीमित सीधी भर्ती और खुली सीधी भर्ती के तहत विभाजित किया गया है, जिसमें कुल 560 चयनित प्रतिभागियों को आमंत्रित किया गया है।

सीधी भर्ती: दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया 4 और 5 अगस्त को

ESB के मुताबिक सीमित सीधी भर्ती के अंतर्गत दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया 4 और 5 अगस्त को होगी। 4 अगस्त को पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक अनारक्षित श्रेणी के 87 अभ्यर्थियों का और दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक अनुसूचित जाति वर्ग के 54 अभ्यर्थियों का दस्तावेज़ परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद 5 अगस्त को पूर्वाह्न में 69 अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों का सत्यापन होगा, जबकि अपराह्न में 47 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और 32 ई.डब्ल्यू.एस. (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) के अभ्यर्थियों का दस्तावेज़ परीक्षण किया जाएगा। इस श्रेणी में कुल 289 अभ्यर्थी शामिल हैं।

खुली भर्ती: दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया 6 और 7 अगस्त को

वहीं खुली सीधी भर्ती के तहत दस्तावेज़ परीक्षण 6 और 7 अगस्त को किया जाएगा। 6 अगस्त को सुबह 10 बजे से 1 बजे तक अनारक्षित वर्ग के 87 तथा दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक अनुसूचित जाति वर्ग के 49 अभ्यर्थियों का सत्यापन निर्धारित है। इसी तरह 7 अगस्त को पूर्वाह्न में अनुसूचित जनजाति वर्ग के 62 अभ्यर्थियों और अपराह्न में 44 अन्य पिछड़ा वर्ग एवं 29 ई.डब्ल्यू.एस. वर्ग के अभ्यर्थियों के दस्तावेज़ों का परीक्षण होगा। इस श्रेणी में कुल 271 अभ्यर्थी शामिल किए गए हैं।

चयनित अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक दिशा निर्देश 

कर्मचारी चयन मंडल द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर दस्तावेजों की मूल प्रति तथा एक स्वप्रमाणित छायाप्रति सेट सहित अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। दस्तावेज़ों में मुख्यतः मूल निवासी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (एसडीएम द्वारा जारी), 10वीं एवं 12वीं की अंकसूचियाँ (स्नातक की हो तो उसकी भी), आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का अनुभव प्रमाण पत्र, उपस्थिति पत्रक, निःशक्तता प्रमाण पत्र, भूतपूर्व सैनिक प्रमाण पत्र, संविदा नियुक्ति एवं अनुभव प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की मूल प्रति (जिससे लिंक मोबाइल साथ लाना अनिवार्य है), ईएसबी परीक्षा परिणाम की प्रति एवं ई.डब्ल्यू.एस. प्रमाण पत्र शामिल हैं।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews