भोपाल: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को मध्यप्रदेश दौरे पर आने वाले हैं। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर भोपाल प्रशासन एवं सरकार की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अमित शाह के दौरे से पहले लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को राज्य के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने बालाघाट पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की एवं उनकी समस्याएं सुनीं। लेकिन अब अमित शाह के दौरे एवं बालाघाट मुद्दे को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है।
जानकारी के अनुसार, एक तरफ राहुल गांधी ने बच्चों की मौत, स्वास्थ्य सुविधाओं, पेयजल, रोजगार, वन अधिकार और सरकारी योजनाओं को लेकर सरकार से सवाल किए और कहा कि वे इन मुद्दों को लोकसभा में उठाएंगे। वहीं, दूसरी ओर विपक्ष ने बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत के मामले अमित शाह पर निशाना साधा है।
अमित शाह के दौरे को लेकर उमंग सिंघार ने उठाए सवाल
एमपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर अमित शाह के प्रस्तावित राज्य के दौरे को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री के पास डेयरी प्लांट के उद्घाटन के लिए समय है लेकिन क्या वे बालाघाट जाकर वहां की स्थिति का जायजा लेने और प्रभावित आदिवासी परिवारों से मिलने का भी समय निकालेंगे?
बालाघाट की घटना पर सरकार से जवाब की मांग
सिंघार ने बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत के मामले को लेकर सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी स्वयं प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर रहे हैं। ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्री को भी केवल उद्घाटन कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता चुनावी कार्यक्रमों और उद्घाटन के भाषणों के बजाय बालाघाट की घटना पर सरकार से जवाब चाहती है।
अमित शाह के भोपाल कार्यक्रम की खास बातें
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भोपाल के भेल दशहरा मैदान में पशुपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों एवं पदाधिकारियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
- कार्यक्रम में प्रदेश के 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्य शामिल होंगे।
- भोपाल, सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम समेत कई जिलों से प्रतिभागी पहुंचेंगे।
- कार्यक्रम में दुग्ध संयंत्र, डेयरी प्रसंस्करण और गुणवत्ता जांच लैब से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की सौगात मिलेगी।
- उज्जैन में 255 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले डेयरी प्लांट का भी कार्यक्रम में उल्लेख रहेगा।
- भोपाल में फर्मेंटेड प्रोडक्ट मिल्क प्लांट की परियोजना भी शामिल है।
- भोपाल पश्चिमी बायपास का भूमिपूजन किया जाएगा।
- प्रदेश में कृषक कल्याण वर्ष के तहत हुई गतिविधियों की जानकारी अमित शाह को दी जाएगी।
- बलराम कृषि महोत्सव के आयोजन की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की जाएगी।
- गृह, पशुपालन एवं डेयरी, सहकारिता, लोक निर्माण और परिवहन विभाग के कार्यों का प्रेजेंटेशन होगा।
- भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ के पशुपालकों को बोनस वितरित किया जाएगा।
- गौशालाओं के लिए सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
- गोपालक दीदियों का सम्मान किया जाएगा।
- गोपालक दीदियों को डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए जाएंगे।
गृह मंत्री श्री @AmitShah जी 2 दिनों के लिए मध्य प्रदेश आ रहे हैं।
डेयरी प्लांट का उद्घाटन करने का समय तो आपके पास है, लेकिन क्या आप बालाघाट जाने का कष्ट करेंगे? जहां आपकी सरकार की नाकामी के चलते 40 से अधिक आदिवासी बच्चों की मौत हो गई!
जब जननायक श्री @RahulGandhi जी स्वयं धरातल…
— Umang Singhar (@UmangSinghar) October 1, 2026





