MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

अमित शाह का 3 अक्टूबर को भोपाल दौरा, MP को देंगे कई विकास कार्यों की सौगात, गोपालक दीदियों को भी करेंगे सम्मानित

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को आएंगे भोपाल, राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन' में होंगे शामिल, उत्कृष्ट कार्य करने वाली गोपालक दीदियों को करेंगे सम्मानित , डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्रों का भी होगा वितरण, प्रदेश को विभिन्न विकास कार्यों की भी सौगात देंगे
Amit Shah

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर, शनिवार को भोपाल आएंगे। वे यहां भेल दशहरा मैदान में आयोजित ‘राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन’ में शामिल होंगे और उत्कृष्ट कार्य करने वाली गोपालक दीदियों को सम्मानित करेंगे। साथ ही ‘डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना’ के स्वीकृति पत्रों का वितरण करेंगे।

इसके अलावा कार्यक्रम में भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ के दुग्ध उत्पादकों को लगभग 12 करोड़ रुपये की बोनस राशि वितरित की जाएगी । ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के अंतर्गत पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह देंगे कई सौगात 

  • केंद्रीय मंत्री शाह प्रदेशवासियों को डेयरी प्रसंस्करण, दुग्ध संयंत्र और गुणवत्ता जांच प्रयोगशाला से जुड़ी विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे। इसके तहत शाह 255 करोड़ रुपये की लागत से उज्जैन में बनने वाले नए डेयरी प्लांट का भूमिपूजन करेंगे।
  • साथ ही भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में 16.80 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का शुभारंभ करेंगे। इसमें भारत सरकार के 6 करोड़ रूपये का अनुदान तथा भोपाल सहकारी दुग्ध संघ के 10.80 करोड़  अंशदान शमिल है। संयंत्र की दूध प्रसंस्करण क्षमता 40 हजार लीटर प्रतिदिन है। फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी में आधुनिक मशीनरी एवं तकनीक के माध्यम से विभिन्न मूल्यवर्धित दुग्ध उत्पाद तैयार किए जाएंगे। परियोजना के अनुसार यहां प्रतिदिन 10 हजार लीटर दूध, 10 हजार लीटर दही और 30 हजार लीटर छाछ के उत्पादन की क्षमता होगी। प्रतिदिन 1 हजार लीटर लस्सी, 800 किलोग्राम श्रीखंड और 1 हजार किलोग्राम मावा तैयार किया जा सकेगा।
  • इसके अलावा एमपी स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन भोपाल में ‘नेशनल प्रोग्राम फॉर डेयरी डेवलपमेंट’ के तहत 12.40 करोड़ रुपये की लागत से बनी अत्याधुनिक प्रयोगशाला एंव मिनी डेयरी संयंत्र शिवपुरी का भी शुभारंभ करेंगे।
  • गोपालक सम्मेलन स्थल पर न्याय संहिता पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन करेंगे।
  • भोपाल बायपास भौरी के पास आईआईएसईआर (अत्रि) परिसर का शिलान्यास और परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।

अनुदान राशि का वितरण

  • प्रदेश सरकार द्वारा पंजीकृत एवं संचालित गौशालाओं में संरक्षित गोवंश के रखरखाव एवं भरण-पोषण के लिए माह जुलाई और अगस्त 2026 की 101 करोड़ रुपये से अधिक की अनुदान राशि ऑनलाइन डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में हस्तांतरित की जाएगी।
  • यह राशि गौशालाओं में दर्ज गोवंश के समुचित व्यवस्थापन, आहार एवं भरण-पोषण के लिए दी जाती है। राज्य सरकार द्वारा पंजीकृत एवं संचालित गौशालाओं में संरक्षित गोवंश के लिए 40 रुपये प्रति गोवंश प्रतिदिन की दर से अनुदान राशि उपलब्ध कराई जाती है।

केंद्रीय मंत्री शाह को प्रदेश में कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत सम्पन्न गतिविधियों और बलराम कृषि महोत्सव के अभिनव आयोजन की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी। कार्यक्रम में गृह विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, सहकारिता विभाग, लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग के कार्यों के प्रेजेंटेशन भी होंगे। कार्यक्रम में भोपाल, सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन नर्मदापुरम जिलों के साथ प्रदेश के 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों की भागीदारी रहेगी।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews
अमित शाह का 3 अक्टूबर को भोपाल दौरा, MP को देंगे कई विकास कार्यों की सौगात, गोपालक दीदियों को भी करेंगे सम्मानित - MP Breaking News