Hindi News

वीडी शर्मा ने सभी निर्वाचित BJP मंडल अध्यक्षों को लिखा पत्र,कहा-“पंच निष्ठायें पार्टी के लिए सर्वोपरि, इसे राजनीतिक व्यवहार में उतारें”

Written by:Atul Saxena
Published:
Last Updated:
दायित्व का निर्वहन करने के लिए आपको संगठन की अन्य योग्यताओं के साथ हमारे सामाजिक व्यवहार की प्रमाणिकता और शुद्धता भी आवश्यक है।
वीडी शर्मा ने सभी निर्वाचित BJP मंडल अध्यक्षों को लिखा पत्र,कहा-“पंच निष्ठायें पार्टी के लिए सर्वोपरि, इसे राजनीतिक व्यवहार में उतारें”

VD Sharma wrote letter to all elected BJP Mandal Presidents: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पार्टी के संगठन पर्व-2024 के तहत प्रदेश के सभी निर्वाचित मंडल अध्यक्षों को पत्र लिखकर बधाई दी है और अहम दायित्व को निभाने के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने पत्र में कह कि पंच निष्ठायें पार्टी के लिए सर्वोपरि है। सभी नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्ष इसे अपने राजनीतिक व्यवहार में उतारें। मंडल अध्यक्ष पार्टी का चेहरा होता है, पार्टी को सामूहिकता के भाव से आगे बढ़ाएं , पूरी निष्ठा से संगठन के दायित्वों का निर्वहन कर अपने कार्यकाल को सर्वश्रेष्ठ बनाएं।

प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पत्र में लिखा- पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। इस कारण सरकार और समाज के बीच सेतु के कार्य करने वाले आप सभी कार्यकर्ताओं की दोहरी भूमिका भी है। मंडल अध्यक्ष पार्टी की बहुत महत्वपूर्ण इकाई है और मंडल अध्यक्ष ही क्षेत्र में पार्टी का चेहरा होता है। सामूहिकता हमारी पार्टी की कार्यपद्धति की बड़ी विशेषता है। सबको साथ लेकर चलना, हर कार्यकर्ता को कार्य और हर कार्य के लिए कार्यकर्ता यह हमारे संगठन की शैली है। किसी परिवार, जाति या नेता से नहीं बल्कि पार्टी को सामूहिकता के भाव से आगे बढ़ाना है। आप सभी पूरी निष्ठा से संगठन के दायित्वों का निर्वहन करें और अपने कार्यकाल को सर्वश्रेष्ठ बनाएं।

पार्टी कार्य संचालन के लिए पुस्तक ‘‘पूर्णांक की ओर‘‘ भेजी 

वीडी शर्मा ने कहा बूथ समिति की सक्रियता बहुआयामी हो रही है। मंडल अध्यक्ष के नाते हर बूथ तक व्यवस्थित और नियमित प्रवास हो। नई तकनीक के सहयोग से हमारे कार्य की प्रामाणिकता और व्यापकता बढ़ी है। मंडल अध्यक्ष होने के नाते आप सभी को संगठन के इस मान-सम्मान और स्वाभिमान का भान होना आवश्यक है। दायित्व का निर्वहन करने के लिए आपको संगठन की अन्य योग्यताओं के साथ हमारे सामाजिक व्यवहार की प्रमाणिकता और शुद्धता भी आवश्यक है। योजनापूर्वक सभी समाजों का प्रतिनिधित्व भी पार्टी में बढ़ाएं। पार्टी कार्य संचालन के लिए उपयोगी पुस्तक ‘‘पूर्णांक की ओर‘‘ भी भेज रहा हूं। इसे बार-बार पढ़ें और समझें और इसे अपने राजनीतिक व्यवहार में उतारें। भाजपा की यह पंच निष्ठाएं आपके राजनीतिक जीवन को निखारने के साथ राजनीति में होने के उद्देश्य को स्पष्ट करेंगी।

मंडल अध्यक्ष होना गौरव का विषय, दायित्व बोध होना आवश्यक

सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने पत्र में लिखा है कि पार्टी के संगठन पर्व-2024 के तहत मंडल अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होना निश्चित ही गौरव का विषय है। पार्टी में मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी बहुत महत्वपूर्ण है, यह दायित्व बोध होना भी आवश्यक है। भाजपा आज दुनिया का सबसे बड़ा व अग्रणी राजनैतिक दल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में हमारा श्रेष्ठ नेतृत्व है, जिनकी धाक और साख दुनिया भर में है। हमारी शाश्वत सनातन विचारधारा है जिसे दुनिया श्रेष्ठ जीवन शैली के रूप में आतुरता से देख रही है, अपना रही है।

कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत से मध्य प्रदेश संगठन की देश में अलग पहचान

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश के पार्टी संगठन को समय-समय पर राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा की गई है। संगठन पर्व में ही युवाओं को पार्टी से जोड़ने और रिकॉर्ड सदस्यता कराने के साथ 100 प्रतिशत बूथ डिजिटलाइजेशन के लिए पार्टी के राष्ट्रीय संगठन के नेताओं व वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा समय-समय पर प्रशंसा की गई है। इसके पीछे कार्यकर्ताओं की अनवरत मेहनत, संगठन निष्ठा, भाजपा की विशाल व अद्भुत परम्परा और विलक्षण कार्यपद्धति है। कुशल कार्यकर्ताओं की एक लंबी श्रृंखला आज उस मार्ग पर संगठन को अपना अमूल्य समय, ऊर्जा और नवाचारों से गढ़ रही है। नये-नये प्रतिमान स्थापित हो रहे हैं। ऐसे संगठन के मंडल अध्यक्ष के नाते आपको संगठन के इस मान-सम्मान और स्वाभिमान का भान होना आवश्यक है। आपका चेहरा समाज में भाजपा का परिचय है। आपके व्यवहार में समाज भाजपा को देखता है। इस दायित्त्व का निर्वहन करने के लिए संगठन की अन्य योग्यताओं के साथ हमारे सामाजिक व्यवहार की प्रमाणिकता और शुद्धता भी आवश्यक है।

 

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews