MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

5 अक्टूबर से बदलेगा MP का मौसम, पूर्वी हिस्से में फिर बूंदाबांदी के आसार, 10 अक्टूबर तक मानसून की विदाई संभव

MP Weather Forecast: 10 अक्टूबर तक प्रदेश से विदा होगा मानसून, अगले 3 दिन तेज धूप, 5 अक्टूबर को पूर्वी हिस्से में बूंदाबांदी का अनुमान, इस मानसूनी सीजन में 35.8 इंच बारिश हुई
MP weather

दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने लगी है। मौसम विभाग की मानें तो 10 अक्टूबर तक मानसून मध्य प्रदेश से विदा ले सकता है। इसकी शुरूआत सबसे पहले ग्वालियर-चंबल और उज्जैन संभाग से होगी। इसके बाद इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम, सागर, जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग से लौटेगा।

फिलहाल 4 अक्टूबर तक भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी। हालांकि 5 अक्टूबर को पूर्वी हिस्से में हल्की बारिश या बूंदाबांदी का अनुमान है। पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मैहर, सीधी, सिंगरौली, शहडोल और अनूपपुर में बादलों की आवाजाही के साथ बूंदाबूांदी हो सकती है।

इस मानसूनी सीजन में 4 फीसदी कम हुई बारिश

मध्य प्रदेश में मानसून का सीजन 1 जून से 30 सितंबर तक होता है, जो कि अब खत्म हो चुका है। इस बार पूरे सीजन में 908.4 मिमी यानी 35.8 इंच बारिश दर्ज हुई है,जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 37.3 इंच (949.5 मिमी) होनी चाहिए थी। इस तरह पूरे सीजन में प्रदेश में करीब 4 फीसदी बारिश कम हुई।

पूर्वी मध्य प्रदेश की बात करें तो यहां 4% ज्यादा पानी गिरा लेकिन पश्चिमी मध्य प्रदेश में औसत से 12% कम बारिश दर्ज की गई। इसी के चलते प्रदेश के 55 में से 30 जिलों में सामान्य बारिश का कोटा पूरा नहीं हो सका हालांकि 25 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई। आलीराजपुर बारिश के मामले में सबसे पीछे रहा वहीं निवाड़ी और मऊगंज में सामान्य से 150% से ज्यादा बारिश दर्ज हुई।

भोपाल समेत 25 जिलों में हुई अच्छी बारिश

इस सीजन में बालाघाट, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सागर और सिवनी में सामान्य से 5 से 21 प्रतिशत तक कम बारिश हुई। आलीराजपुर, अशोकनगर, बड़वानी, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 9 से 51 प्रतिशत तक कम पानी गिरा है।

भोपाल, राजगढ़, बुरहानपुर, खरगोन, कटनी, मंडला, डिंडोरी, ग्वालियर, गुना, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, आगर-मालवा, भिंड, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना, मऊगंज, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।

वर्तमान में सक्रिय है ये मौसम प्रणालियां

  • 48 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों, गुजरात, मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के संपूर्ण क्षेत्रों, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून के और आगे पीछे लौटने (वापसी) के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है।
  • पश्चिमी विक्षोभ, माध्य समुद्र तल से 3.1 से 4.5 किमी की ऊँचाई के बीच उत्तर हरियाणा और उसके आसपास के क्षेत्रों के ऊपर एक चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में, जबकि इसके ऊपर मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल की पछुआ हवाओं में एक ट्रफ के रूप में माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊँचाई से गुजर रही है।
  • ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश और उससे लगे बिहार के ऊपर बना अब माध्य समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊँचाई पर पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे लगे बिहार के ऊपर स्थित है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews
5 अक्टूबर से बदलेगा MP का मौसम, पूर्वी हिस्से में फिर बूंदाबांदी के आसार, 10 अक्टूबर तक मानसून की विदाई संभव - MP Breaking News