बिहार में विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Elections) को लेकर प्रचार प्रसार तेज हो गया है। दिग्गज नेता बिहार में रैली कर जनता को साधने का प्रयास कर रहे हैं। शुक्रवार को PM मोदी ने समस्तीपुर में रैली कर कांग्रेस और RJD पर जमकर निशाना साधा तो वहीं तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पलटवार किया। इस बीच, शनिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) बिहार पहुंचे जहां उन्होंने खगड़िया में लोगों को संबोधित किया और RJD-कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
अमित शाह ने दीं छठ पर्व की शुभकामनाएं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सबसे पहले जनता को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी। इसके बाद अपना भाषण शुरू किया है। अमित शाह ने कहा कि आप सभी जानते हैं कि आज से छठ का महापर्व शुरू हो गया है। मैं बिहार के सभी लोगों को छठ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। मैं छठी मैया से प्रार्थना करता हूं कि हमारा बिहार जंगलराज से मुक्त रहे, कानून व्यवस्था सुदृढ़ रहे, हमारी बहन-बेटियां सुरक्षित रहें और बिहार भविष्य में एक विकसित राज्य बने। यही मैं छठी मैया से प्रार्थना करना चाहता हूं। बता दें कि आज से छठ महापर्व की शुरुआत हो चुकी है। ये पर्व पूरे बिहार में मनाया जाता है।
ये भी पढ़ें
अमित शाह ने गिनाए RJD के घोटाले
अमित शाह ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में 11 साल से हमारी सरकार है, लेकिन आज तक मोदी और नीतीश सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं है। वहीं RJD प्रमुख पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए आधा दर्जन घोटाले गिनाए। अमित शाह ने कहा कि महागठबंधन, लठबंधन, जिनका भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड है, क्या वे बिहार का विकास कर सकते हैं? केवल नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार, जिन पर एक पैसे के भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है, बिहार का विकास कर सकते हैं।
अमित शाह ने UPA सरकार पर साधा निशाना
अमित शाह ने RJD के अलावा UPA सरकार को भी आड़े हाथ लिया। अमित शाह ने कहा कि PM मोदी ने हमारे देश की अर्थव्यवस्था को 11वें स्थान से चौथे स्थान पर ला दिया है। हम 2027 से पहले चौथे से तीसरे स्थान पर आ जाएंगे। पीएम मोदी ने हमारे देश को सुरक्षित बनाया है। UPA सरकार के दौरान, पाकिस्तान ने हर दिन हमला किया। वोट बैंक के लालच में, सोनिया, मनमोहन और लालू सरकार चुप रही। PM मोदी के सत्ता में आने के बाद, तीन हमले किए गए- उरी, पुलवामा और पहलगाम। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक की गई और पहलगाम के बाद ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया गया।