केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शुक्रवार (15 अगस्त, 2025) को पटना में ABP न्यूज़ से एक्सक्लूसिव बातचीत में साफ कर दिया कि वे एनडीए में ही हैं। उन्होंने कहा कि जो खबरें यह दिखाती हैं कि वह अकेले चुनाव लड़ेंगे या एनडीए से अलग हो रहे हैं, वह पूरी तरह भ्रम फैलाने वाली हैं। उनका कहना था, “महागठबंधन को यही लगता है कि एनडीए के अंदर विभाजन होगा और वे जीत के करीब पहुंच जाएंगे। यह भ्रम फैलाकर विपक्ष अपने एजेंडे को आगे बढ़ाना चाहता है।”
विपक्ष को बेचैनी क्यों
चिराग पासवान ने कहा कि विपक्ष यह दिखाने की कोशिश कर रहा है कि बिहार में एनडीए एकजुट नहीं है। उन्होंने कहा, “विपक्ष चाहता है कि जनता का ध्यान एनडीए की उपलब्धियों और डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों से हट जाए। महागठबंधन एनडीए को उलझाकर रखने की कोशिश कर रहा है, लेकिन मैं इसे खारिज करता हूं। एनडीए मजबूती से आगे बढ़ रहा है और एकजुट है।” चिराग ने यह भी कहा कि विपक्ष यह सुनिश्चित करना चाहता है कि 2020 जैसा चुनाव परिणाम दोहराया जाए और वे जीत के करीब पहुंचें।
ये भी पढ़ें
सीटों और चुनाव की योजना
चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी हिस्सेदारी को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा, “मैं बिहार विधानसभा चुनाव लड़ना चाहता हूं, लेकिन इस पर निर्णय मेरी पार्टी लेगी। कितनी सीटों पर लड़ना है और कहां-कहां से लड़ना है, सब तय कर लिया गया है। एनडीए के अंदर इस पर औपचारिक बातचीत अभी बाकी है।” उन्होंने यह स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी और एनडीए के अन्य सहयोगी मिलकर चुनाव रणनीति तय करेंगे।
पीएम मोदी के संबोधन पर प्रतिक्रिया
स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन पर चिराग पासवान ने कहा कि पीएम ने विदेश नीति, टैरिफ, अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भर भारत जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर स्पष्ट जवाब दिए। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री का भाषण देशवासियों के लिए प्रेरणादायक रहा। वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा मिल रहा है और देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।”