Hindi News

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जलवा कायम, फिर बने जनता दल यूनाइटेड के ‘बॉस’, लगातार चौथी बार निर्विरोध चुने गए अध्यक्ष

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
जनता दल (यूनाइटेड) में एक बार फिर नीतीश कुमार को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसी अन्य उम्मीदवार के नहीं होने पर उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। यह लगातार चौथी बार है जब वह पार्टी की कमान संभाली।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जलवा कायम, फिर बने जनता दल यूनाइटेड के ‘बॉस’, लगातार चौथी बार निर्विरोध चुने गए अध्यक्ष

नई दिल्ली: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जनता दल (यूनाइटेड) पर दबदबा एक बार फिर साबित हो गया है। मंगलवार को पार्टी ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि नीतीश कुमार को लगातार चौथी बार निर्विरोध पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। नामांकन वापस लेने की समय सीमा समाप्त होने के बाद वह इस पद के लिए एकमात्र वैध उम्मीदवार थे।

पार्टी के रिटर्निंग ऑफिसर अनील प्रसाद हेगड़े ने उनके निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की। इस संबंध में एक औपचारिक घोषणा और प्रमाण पत्र सौंपने का कार्यक्रम दिल्ली स्थित पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में दोपहर 2:30 बजे आयोजित किया गया। इस दौरान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी हुई, जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी 

इस महत्वपूर्ण अवसर पर पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा में संसदीय दल के नेता संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार समेत कई अन्य प्रमुख चेहरे मौजूद रहे।

‘यह कार्यकर्ताओं की सामूहिक इच्छा’

पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह निर्णय कार्यकर्ताओं और नेताओं की सामूहिक इच्छा को दर्शाता है। उन्होंने बताया, “सभी चाहते थे कि अनुभवी नेतृत्व के रूप में नीतीश कुमार ही संगठन की जिम्मेदारी संभालते रहें।” संजय झा ने 19 मार्च को ही नीतीश कुमार के नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी थी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 22 मार्च थी।

“नीतीश कुमार पार्टी के मार्गदर्शक हैं और कार्यकर्ताओं की इच्छा थी कि वही आगे भी नेतृत्व करें। उनका अनुभव न सिर्फ पार्टी बल्कि बिहार के विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है।”- राम नाथ ठाकुर, वरिष्ठ नेता, JDU

वहीं, पार्टी के एक अन्य वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने भी हाल ही में स्पष्ट किया था कि उनके और नीतीश कुमार के बीच किसी भी तरह का कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान जैसे किसी कार्यक्रम में उनकी अनुपस्थिति को पार्टी नेतृत्व से दूरी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह निर्विरोध निर्वाचन पार्टी को एक स्थिर नेतृत्व प्रदान करेगा, जो चुनावी तैयारियों के लिए आवश्यक है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews