बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार सोनपुर स्थित बाबा हरिहर नाथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। दरअसल मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद वह भावुक नजर आए और उन्होंने कहा कि उनके पिता ने पिछले 20 वर्षों में बिहार के लिए जो काम किए हैं, उन्हें राज्य की जनता कभी नहीं भूलेगी। वहीं मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए निशांत कुमार ने कहा कि वह अपने पिता से अपील करते हैं कि उनका आशीर्वाद उन पर, पार्टी पर और जनता पर बना रहे। उनका यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब अगले मुख्यमंत्री को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
दरअसल निशांत कुमार ने कहा कि पिछले दो दशकों में उनके पिता ने बिहार के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए हैं और जनता उन कार्यों को कभी नहीं भूल सकती। उन्होंने राज्य की जनता से अपील की कि वे उनका, उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड और उनके पिता का समर्थन बनाए रखें।
बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव हो सकता है
राजनीतिक गलियारों में इन दिनों अगले मुख्यमंत्री को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव हो सकता है। ऐसे में कई राजनीतिक विश्लेषक निशांत कुमार के बयान को उनके सक्रिय राजनीतिक प्रवेश के संकेत के रूप में देख रहे हैं। हालांकि जनता दल यूनाइटेड की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
पार्टी के कुछ कार्यकर्ता खुले तौर पर यह मांग कर रहे हैं कि निशांत कुमार को भविष्य में बड़ी जिम्मेदारी दी जाए। कुछ लोग उन्हें मुख्यमंत्री पद का संभावित चेहरा बता रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि नई सरकार बनने की स्थिति में उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
निशांत कुमार लंबे समय बाद बाबा हरिहर नाथ मंदिर पहुंचे
इस बीच निशांत कुमार ने बताया कि वह लंबे समय बाद बाबा हरिहर नाथ मंदिर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि करीब 20 साल पहले वह यहां अक्सर आया करते थे। मंदिर परिसर में पहुंचते ही जनता दल यूनाइटेड के कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समर्थक भी मौजूद रहे, जिन्होंने उनका अभिवादन किया। निशांत कुमार की यह मौजूदगी और उनके बयान को बिहार की राजनीति में आने वाले समय में संभावित बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।






