लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपनी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान कटिहार में मछुआरे और मखाना किसान समुदायों के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान सन ऑफ मल्लाह मुकेश सहनी भी मौजूद रहे। वहीं इंडिया ब्लॉक के अन्य बड़े नेता भी उनके साथ थे।

पप्पू यादव की सक्रिय मौजूदगी

कटिहार के कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र में हुई इस यात्रा के दौरान पप्पू यादव भी बेहद सक्रिय नजर आए। उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के साथ इलाके के लोगों से मुलाकात की। सभा स्थल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और राहुल गांधी से मिलने की उत्सुकता साफ झलक रही थी। भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए।


तेजस्वी यादव का एफआईआर पर बयान

मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव से जब उन पर दर्ज एफआईआर को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “FIR से कौन डरता है? अब तो ‘जुमला’ शब्द कहना भी अपराध हो गया है। वे लोग सच बोलने से घबराते हैं। हम किसी FIR से नहीं डरते और हमेशा सच बोलते रहेंगे।”


चुनावी रंग में कोढ़ा विधानसभा

पूरे कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस और राजद महागठबंधन के बैनर-पोस्टर लगे हुए हैं। कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ और नेताओं का जोश क्षेत्र को चुनावी माहौल में रंग चुका है। प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बलों की तैनाती की है। यात्रा के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।