सुपौल में तिरंगे झंडे के अपमान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वीडियो की सत्यता और समय की पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है, लेकिन बताया जा रहा है कि यह घटना मंगलवार को निकाले गए वोटर अधिकार यात्रा के दौरान हुई। वीडियो में तिरंगा सड़क पर गिरा दिखाई दे रहा है और एक शख्स उस पर पैर रखता नजर आ रहा है। इस पर एनडीए कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताते हुए कांग्रेस नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
एनडीए कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला फूंका
वीडियो सामने आते ही भाजपा और जदयू कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने इसे राष्ट्रीय ध्वज का अपमान बताते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका और जोरदार नारेबाजी की। एनडीए कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह घटना वोटर अधिकार यात्रा के दौरान लोहिया चौक पर हुई थी और इसके लिए कांग्रेस व महागठबंधन के नेता जिम्मेदार हैं। उन्होंने सार्वजनिक माफी की मांग की।
ये भी पढ़ें
पुलिस ने लिया संज्ञान, दर्ज हुई एफआईआर
मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने तिरंगा झंडे के अपमान को गंभीर मानते हुए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सदर पुलिस ने कहा कि वीडियो की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान के बाद उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप की तकनीकी जांच भी शुरू कर दी है।
विरोध और तेज करने की चेतावनी
भाजपा युवा मोर्चा और जदयू युवा मोर्चा ने भी मिलकर विरोध प्रदर्शन किया और इस घटना को देश का अपमान बताया। एनडीए कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान होते ही गिरफ्तारी की जाएगी और तिरंगे का सम्मान हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा।