बिहार में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। उन्होंने सत्ता में बैठे लोगों को ‘महाठग’ की संज्ञा देते हुए आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और बिना घूस के कोई काम नहीं हो रहा है। तेजस्वी ने यह भी कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।
संत रविदास जयंती के अवसर पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने सरकार की नीतियों पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में संत रविदास के विचार और भी प्रासंगिक हो गए हैं, जिन्होंने समाज में बराबरी और न्याय की बात की थी। लेकिन वर्तमान सरकार गरीबों के खिलाफ काम कर रही है।
‘लोकतंत्र नहीं, हरा तंत्र जीत रहा है’
तेजस्वी ने चुनाव प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि अब लोकतंत्र नहीं, बल्कि ‘हरा तंत्र’ (पैसे का खेल) जीतता है। उन्होंने कहा कि सरकार संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
“आज सत्ता में ‘महा ठग लोग’ बैठे हैं… बिहार में कोई भी काम बिना घूस दिए नहीं हो रहा है, चाहे थाना हो या ब्लॉक, हर जगह भ्रष्टाचार फैला हुआ है।” — तेजस्वी यादव
उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य में अपराध तेजी से बढ़ रहा है और यहां तक कि झूठी पोस्टमार्टम रिपोर्ट तक तैयार की जा रही हैं। शराबबंदी को एक ढकोसला बताते हुए उन्होंने कहा, “पूरे बिहार में शराब बिक रही है, लेकिन जेल सिर्फ दलित समाज के लोगों से भरी जा रही है।”
केंद्र सरकार और AI समिट पर भी हमला
तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने हाल ही में हुए AI समिट को पूरी तरह ‘फ्लॉप’ करार दिया और कहा कि इससे भारत की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नुकसान पहुंचा है। उन्होंने इसे देश का ‘अपमान’ बताया।
अपने 17 महीने के कार्यकाल की याद दिलाई
अपनी 17 महीने की सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए तेजस्वी ने कहा कि उस दौरान 5 लाख युवाओं को नौकरी दी गई थी और 2 लाख शिक्षकों की नियुक्ति हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में पैसे देने वालों को नौकरी मिल रही है, जबकि आम लोगों के पास इलाज और पढ़ाई की सही व्यवस्था तक नहीं है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर व्यक्तिगत हमला करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार का दुर्भाग्य है कि राज्य को एक ‘अचेत मुख्यमंत्री’ मिला है, जो सिर्फ बीजेपी की कठपुतली बनकर रह गए हैं। तेजस्वी ने कहा कि उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।






