Hindi News

AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- 8 लाख राशन कार्ड रद्द और मोहल्ला क्लीनिक किए बंद

Written by:Gaurav Sharma
Published:
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने रविवार को 'दिल्ली बेहाल जनसंवाद' अभियान के तहत भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने 8 लाख राशन कार्ड रद्द कर दिए, मोहल्ला क्लीनिक बंद कर दिए और महिलाओं से किए 2500 रुपये के वादे को पूरा नहीं किया। आप 1 मार्च को जंतर-मंतर पर एक विशाल जनसभा करेगी।
AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- 8 लाख राशन कार्ड रद्द और मोहल्ला क्लीनिक किए बंद

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को ‘दिल्ली बेहाल जनसंवाद’ अभियान के तहत चिराग दिल्ली में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भाजपा पर वादे पूरे न करने और जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की चार इंजन की सरकार होने के बावजूद जनता बेहाल है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सरकार का एक साल पूरा हो गया है, लेकिन दिल्ली की महिलाओं को अब तक 2500 रुपये प्रति माह नहीं मिले हैं और न ही बस मार्शलों को पक्की नौकरी दी गई है। उन्होंने घोषणा की कि आम आदमी पार्टी 1 मार्च को जंतर-मंतर पर एक विशाल जनसभा का आयोजन करेगी, ताकि दिल्ली की परेशान जनता की आवाज को बुलंद किया जा सके।

राशन कार्ड और पेंशन पर हमला

भारद्वाज ने सरकार पर गरीबों के खिलाफ काम करने का सीधा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 8 लाख गरीब लोगों के राशन कार्ड रद्द कर दिए गए हैं। इसके अलावा, 25,000 विधवाओं और हजारों बुजुर्गों की पेंशन भी रोक दी गई है।

“भाजपा को गरीबों से नफरत है। वे गरीबों की झुग्गियों और मकानों पर बुलडोजर चला रहे हैं और अमीरों के साथ बैठकर डांस कर रहे हैं।”- सौरभ भारद्वाज, अध्यक्ष, AAP दिल्ली

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने पिछले एक साल में गांवों के विकास के लिए कोई काम नहीं किया है। जो भी सीवर, चौपाल या सड़कों के काम हो रहे हैं, वे सभी ‘आप’ सरकार के समय पास हुए बजट से हो रहे हैं।

मोहल्ला क्लीनिक और आरोग्य मंदिर पर फर्जीवाड़े का दावा

सौरभ भारद्वाज ने मोहल्ला क्लीनिक बंद किए जाने का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया। उन्होंने शेख सराय के मोहल्ला क्लीनिक का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां सबसे ज्यादा गांव की महिलाएं इलाज के लिए आती थीं, जिन्हें मुफ्त जांच और दवाइयों से बड़ी राहत मिलती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सीएम रेखा गुप्ता एक-एक कर मोहल्ला क्लीनिक बंद कर रही हैं, जिससे हजारों युवा बेरोजगार हो गए हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री के 370 आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाने के दावे को भी झूठा बताया। भारद्वाज ने कहा, “असलियत में उन्होंने अरविंद केजरीवाल के समय बनी डिस्पेंसरियों की रंगाई-पुताई कर उस पर आरोग्य मंदिर लिखवा दिया है। यह खुल्लम-खुल्ला फर्जीवाड़ा और फ्रॉड है।”

यमुना सफाई और अधूरे वादे

यमुना सफाई और प्रदूषण के मुद्दे पर भी भारद्वाज ने भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान मुख्यमंत्री ने यमुना साफ करने के फर्जी इंटरव्यू दिए, जबकि हकीकत यह थी कि पीने के पानी के पाइप से एक ‘नकली यमुना’ भरी गई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदूषण मापने वाले मीटर बंद कर दिए गए हैं ताकि सही आंकड़े सामने न आएं।

प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि दिल्ली की महिलाओं के खाते में 2500 रुपये कब आएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद प्रधानमंत्री गायब हो गए हैं और जो भी इस बारे में सवाल पूछता है, उसके घर ED और CBI का छापा पड़ जाता है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma
Follow Us :GoogleNews