टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार 12 जीत के बाद आखिरकार भारत का विजय रथ थम गया। सुपर-8 के एक अहम मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने डिफेंडिंग चैंपियन भारत को 76 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारतीय टीम 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 18.5 ओवर में सिर्फ 111 रनों पर ढेर हो गई। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने सुपर-8 में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही, लेकिन मध्यक्रम में डेविड मिलर की तूफानी पारी ने मैच का रुख पलट दिया। मिलर ने सिर्फ 35 गेंदों पर 63 रन बनाए। उन्हें डेवाल्ड ब्रेविस (45 रन) और अंत में ट्रिस्टन स्टब्स का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 24 गेंदों पर नाबाद 44 रनों की पारी खेलकर टीम का स्कोर 20 ओवर में 7 विकेट पर 187 तक पहुंचाया।
मिलर और स्टब्स ने दी मजबूती
एक समय साउथ अफ्रीका का स्कोर संघर्षपूर्ण लग रहा था, लेकिन डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बटोरे। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट झटके। अर्शदीप सिंह को भी 2 सफलताएं मिलीं, लेकिन बाकी गेंदबाज अफ्रीकी बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे।
भारतीय बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखरी
188 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। नंबर-1 रैंकिंग के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा एक बार फिर नाकाम रहे। कप्तान सूर्यकुमार यादव (18) भी कुछ खास नहीं कर सके। पूरी पारी के दौरान सिर्फ शिवम दुबे ही कुछ संघर्ष करते नजर आए, जिन्होंने सर्वाधिक 42 रन बनाए।
साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों ने शुरू से ही दबाव बनाए रखा। मार्को यानसन ने 4 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। वहीं, स्पिनर केशव महाराज ने एक ही ओवर में हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह और अर्शदीप सिंह को पवेलियन भेजकर भारत की हार सुनिश्चित कर दी। महाराज ने कुल 3 विकेट लिए, जबकि कॉर्बिन बॉश को 2 विकेट मिले।
केशव महाराज का एक ओवर, भारत के तीन विकेट
मैच का टर्निंग पॉइंट 15वां ओवर रहा, जब केशव महाराज गेंदबाजी करने आए। उन्होंने पहली गेंद पर हार्दिक पंड्या, तीसरी पर रिंकू सिंह और आखिरी गेंद पर अर्शदीप सिंह को आउट किया। खास बात यह रही कि तीनों कैच लॉन्ग ऑन और लॉन्ग ऑफ पर ट्रिस्टन स्टब्स ने ही लपके। इस एक ओवर ने भारत की बची-खुची उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया। इसके बाद मार्को यानसन ने 19वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह को आउट कर भारतीय पारी को समेट दिया।






