सनराइजर्स हैदराबाद के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दरअसल टीम के रेगुलर कप्तान पैट कमिंस आईपीएल 2026 में जल्द वापसी कर सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक वे 17 अप्रैल को भारत आ सकते हैं। हालांकि इसके लिए उन्हें ऑस्ट्रेलिया में होने वाले फिटनेस टेस्ट को पास करना होगा। अगर रिपोर्ट ठीक आती है तो वे जल्द टीम के साथ जुड़ जाएंगे।
दरअसल आईपीएल 2026 की शुरुआत में पैट कमिंस टीम के साथ भारत आए थे, लेकिन बाद में फिटनेस जांच के लिए वापस ऑस्ट्रेलिया लौट गए। कमिंस पिछले साल जुलाई से कमर की समस्या से परेशान रहे हैं। इसी वजह से उन्हें कई अहम मुकाबलों से बाहर रहना पड़ा। चोट के कारण वे आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी हिस्सा नहीं ले पाए थे। इसके बाद उन्होंने एशेज सीरीज में वापसी की, लेकिन एक टेस्ट मैच खेलने के बाद फिर चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए।
IPL 2026 में पैट कमिंस की वापसी पर बड़ा अपडेट
दरअसल रिपोर्ट्स की मानें तो पैट कमिंस की वापसी दो चीजों पर निर्भर करेगी। पहला उनका फिटनेस टेस्ट और दूसरा क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से मिलने वाली अनुमति। अगर आज यानी बुधवार 15 अप्रैल को होने वाले फिटनेस टेस्ट की रिपोर्ट सकारात्मक आती है, तो उन्हें भारत आने की मंजूरी मिल सकती है। बता दें कि सनराइजर्स हैदराबाद का अगला मुकाबला 18 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेला जाना है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो कमिंस जल्द टीम के साथ जुड़ सकते हैं। सीजन की शुरुआत से पहले खुद पैट कमिंस ने संकेत दिया था कि वे शायद आईपीएल के दूसरे हिस्से में टीम से जुड़ पाएंगे। अब ताजा खबरों के बाद फैंस को उम्मीद है कि उनकी वापसी पहले भी हो सकती है।
कमिंस की गैरमौजूदगी में SRH का प्रदर्शन
दरअसल पैट कमिंस की अनुपस्थिति में सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन इस सीजन में थोड़ा उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम फिलहाल पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है, लेकिन लगातार जीत की लय नहीं बना पाई। इस दौरान टीम की कप्तानी ईशान किशन संभाल रहे हैं। हैदराबाद ने अब तक खेले गए पांच मैचों में सिर्फ दो जीत हासिल की हैं। हालांकि हाल ही में टीम के युवा तेज गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन ने मिलकर मजबूत टीम राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की और कुल आठ विकेट लेकर विपक्षी टीम को मुश्किल में डाल दिया।






