2025 के बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार सरकार जनता के लिए लगातार घोषणाएं कर रही है. इस बार फोकस नौकरियों पर है. 16 जुलाई को ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर शिक्षक बहाली के चौथे चरण (टीआरई-4) को जल्द शुरू करने का निर्देश दिया था. अब शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बहाली को लेकर ताजा जानकारी दी है.
7 से 10 दिन में जाएगी बीपीएससी को सूची
शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बुधवार (30 जुलाई, 2025) को बताया कि टीआरई-4 के तहत किन विषयों में परीक्षा लेनी है और किन विषयों में शिक्षकों की कमी है, इसकी सूची जल्द तैयार कर ली जाएगी. यह सूची अगले 7 से 10 दिनों के भीतर बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी जाएगी. इसके बाद बहाली की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. इस चौथे चरण में करीब 1.60 लाख शिक्षकों की भर्ती होगी, जिसमें प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक विद्यालय तक के पद शामिल होंगे.
महिलाओं को मिलेगा 35% आरक्षण का लाभ
इस बार की शिक्षक भर्ती बिहार की महिलाओं के लिए काफी खास होगी. सरकार ने इसमें सिर्फ बिहार की महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला किया है. यानी दूसरे राज्यों की महिलाएं इस लाभ से वंचित रहेंगी. यह आरक्षण प्रावधान महिलाओं को नौकरी के ज्यादा अवसर देने के उद्देश्य से किया गया है.
तीन चरणों में हो चुकी है 2.25 लाख से ज्यादा भर्तियां
अब तक राज्य में तीन चरणों में करीब 2.25 लाख से ज्यादा शिक्षकों की भर्ती हो चुकी है. चौथे चरण में 1.60 लाख पदों के अलावा करीब 40 हजार कंप्यूटर शिक्षकों के पद भी शामिल होंगे. चुनाव से पहले इस भर्ती प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने की योजना है, ताकि नए सत्र में स्कूलों को पर्याप्त शिक्षक मिल सकें और छात्रों की पढ़ाई पर कोई असर न पड़े.





