चेहरे पर बर्फ लगाने का चलन बहुत पुराना है। हमारी दादी-नानी भी गर्मियों में चेहरे की थकान मिटाने और चमक लाने के लिए बर्फ का इस्तेमाल करने की सलाह देती थीं। आज भी ब्यूटी एक्सपर्ट्स स्किन को फ्रेश और ग्लोइंग बनाने के लिए बर्फ से मसाज करने की सलाह देते हैं।

लेकिन अक्सर लोग बर्फ को सीधे चेहरे पर रगड़ने लगते हैं या उसे लंबे समय तक इस्तेमाल करते हैं। यही आदत कई बार स्किन पर दाग-धब्बे, जलन या रूखापन पैदा कर देती है। इसलिए ज़रूरी है कि बर्फ का इस्तेमाल सही तरीके से किया जाए। अगर आप चाहते हैं कि आपकी स्किन बर्फ से सच में फायदा पाए और कोई नुकसान न हो, तो इन खास बातों का ध्यान रखना बहुत ज़रूरी है।

क्यों किया जाता है चेहरे पर बर्फ का इस्तेमाल?

ग्लो और ताजगी लाने में मददगार

बर्फ लगाने से चेहरे पर तुरंत ताजगी आ जाती है। यह ब्लड सर्कुलेशन को बढ़ाता है और चेहरे पर नेचुरल गुलाबीपन लाता है। जब स्किन में खून का बहाव सही होता है, तो चेहरा दमकता है और थकान का असर कम हो जाता है।

पिंपल्स और दाग-धब्बों से राहत

अगर चेहरे पर अचानक पिंपल आ गया है या सूजन हो रही है, तो बर्फ लगाने से सूजन और लालिमा कम होती है। यह रोमछिद्रों को सिकोड़ता है और पिंपल्स जल्दी सूखने में मदद करता है।

स्किन टाइट करने और झुर्रियों को कम करने में फायदेमंद

जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, स्किन ढीली होने लगती है। बर्फ लगाने से स्किन टाइट रहती है और झुर्रियां धीरे-धीरे कम दिखने लगती हैं। यह एंटी-एजिंग केयर का आसान और सस्ता उपाय माना जाता है।

चेहरे पर बर्फ लगाते समय भूलकर भी न करें ये गलतियां

1. सीधे बर्फ को चेहरे पर रगड़ना

सबसे बड़ी गलती है बर्फ को बिना किसी कपड़े या कपास में लपेटे सीधे चेहरे पर रगड़ना। ऐसा करने से स्किन पर जलन और छोटे-छोटे कट्स हो सकते हैं। ठंडी बर्फ का सीधा असर स्किन की नाज़ुक परत को नुकसान पहुंचाता है। हमेशा बर्फ को पतले कपड़े में लपेटकर ही इस्तेमाल करें।

2. ज़्यादा देर तक बर्फ लगाना

चेहरे पर लंबे समय तक बर्फ रखने से स्किन सुन्न हो सकती है और उसमें रूखापन आ जाता है। अधिक ठंडक स्किन की नमी खींच लेती है और यह डल दिखने लगती है। इसलिए बर्फ को कभी भी 2 से 5 मिनट से ज्यादा न लगाएं।

3. रोज़ाना बार-बार इस्तेमाल करना

कुछ लोग सोचते हैं कि अगर रोज़ाना कई बार बर्फ लगाएंगे तो चेहरा और ज्यादा चमकेगा। लेकिन हकीकत इसके उलट है। ज़्यादा इस्तेमाल से स्किन ड्राय और सेंसिटिव हो जाती है। बेहतर है कि हफ्ते में 3-4 बार ही बर्फ का इस्तेमाल करें।

बर्फ लगाने का सही तरीका

बर्फ को कपड़े में लपेटकर लगाएं
कभी भी बर्फ को सीधे स्किन पर न लगाएं। हमेशा इसे पतले कपड़े या रुई में लपेटकर चेहरे पर हल्के हाथ से घुमाएं। इससे ठंडक स्किन को नुकसान नहीं पहुंचाएगी और फायदा भी मिलेगा।

गोल-गोल घुमाते हुए मसाज करें
बर्फ को चेहरे पर सीधे दबाकर न रखें। इसे हल्के हाथों से गोल-गोल घुमाते हुए मसाज करें। इससे ब्लड सर्कुलेशन बढ़ेगा और चेहरे पर नेचुरल ग्लो आएगा।

सही समय चुनें
चेहरे पर बर्फ लगाने का सबसे अच्छा समय सुबह का है। सुबह उठते ही बर्फ से मसाज करने पर चेहरे की सूजन कम होती है और दिनभर फ्रेशनेस बनी रहती है।

किन लोगों को बर्फ लगाने से बचना चाहिए?

  • अगर आपकी स्किन बहुत नाज़ुक है और हल्की-सी ठंडक में भी लाल हो जाती है, तो बर्फ का इस्तेमाल न करें।
  • अगर चेहरे पर किसी तरह का कट या घाव है तो बर्फ लगाने से वह और ज्यादा बढ़ सकता है।
  • जिनकी स्किन को ठंडे तापमान से एलर्जी होती है, उन्हें भी बर्फ का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।