Hindi News

तेज प्रताप यादव का पटना में समाजवादी पार्टी ऑफिस दौरा, कार्यकर्ताओं ने किया गर्मजोशी से स्वागत…

Written by:Deepak Kumar
Published:
तेज प्रताप यादव का पटना में समाजवादी पार्टी ऑफिस दौरा, कार्यकर्ताओं ने किया गर्मजोशी से स्वागत…

आरजेडी से निष्कासित विधायक तेज प्रताप यादव बुधवार को पटना स्थित समाजवादी पार्टी (सपा) के दफ्तर पहुंचे. वहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया. तेज प्रताप कुछ दिनों पहले ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव से वीडियो कॉल पर बातचीत कर चुके थे. अब सपा ऑफिस पहुंचकर उन्होंने बिहार की सियासत में हलचल मचा दी है. उनकी इस सक्रियता को चुनावी साल में बड़े सियासी कदम के तौर पर देखा जा रहा है.


अखिलेश यादव से हुई थी सीधी बातचीत

कुछ समय पहले तेज प्रताप यादव ने अखिलेश यादव से वीडियो कॉल पर बात की थी. बातचीत के दौरान अखिलेश ने उनसे पूछा था कि क्या वे चुनाव लड़ेंगे. इस पर तेज प्रताप ने हां में जवाब दिया था. जब उनसे पूछा गया कि वे कहां से चुनाव लड़ेंगे, तो तेज प्रताप ने कहा था कि चुनावी मैदान में उतरने से पहले वे लखनऊ आकर उनसे मिलेंगे. अब यह देखना बाकी है कि तेज प्रताप कब लखनऊ जाते हैं और वहां क्या फैसला होता है.


महुआ से निर्दलीय लड़ने का ऐलान, लेकिन…

हालांकि तेज प्रताप ने पहले ही ऐलान किया है कि वे महुआ विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे. बावजूद इसके, उनका सपा ऑफिस पहुंचना राजनीतिक अटकलों को हवा दे रहा है. कई लोग मान रहे हैं कि अगर तेज प्रताप सपा से जुड़ते हैं या उनका समर्थन लेते हैं तो यह आरजेडी के लिए बड़ी परेशानी बन सकता है. चुनावी साल में उनकी हर हलचल पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं.


हरे से पीले रंग में बदला राजनीतिक रंग

पार्टी और परिवार से निकाले जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने अपना राजनीतिक रंग बदल लिया है. पहले वे हरे रंग (आरजेडी का प्रतीक) में नजर आते थे, लेकिन अब उन्होंने पीला रंग अपनाया है. उन्होंने ‘टीम तेज प्रताप यादव’ का गठन किया है, जिसके साथ वे चुनावी मैदान में उतरेंगे. उनका कहना है कि वे महुआ की जनता के लिए लड़ रहे हैं और किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेंगे. उनका यह कदम आने वाले चुनाव में बिहार की राजनीति में नया मोड़ ला सकता है.

Deepak Kumar
लेखक के बारे में
तेज ब्रेकिंग के साथ सटीक विश्लेषण और असरदार लेखन में माहिर हैं। देश-दुनिया की हलचल पर नजर रखते हैं और उसे सरल व असरदार तरीके से लिखना पसंद करते हैं। तीन सालों से खबरों की दुनिया से जुड़े हैं। View all posts by Deepak Kumar
Follow Us :GoogleNews