मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में स्थित चुनार रेलवे स्टेशन पर बुधवार को एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए पहुंचे छह श्रद्धालुओं की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब वे गलत दिशा में पटरी पर उतर गए और तेज रफ्तार से आ रही कालका-हावड़ा एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।

घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (जीआरपी) और स्थानीय प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ये सभी श्रद्धालु किसी अन्य ट्रेन से चुनार स्टेशन पर पहुंचे थे। उन्हें प्लेटफॉर्म पर उतरना था, लेकिन वे जल्दबाजी में या गलती से दूसरी तरफ यानी पटरियों की ओर उतर गए। ठीक उसी समय, दूसरी लाइन पर कालका से हावड़ा जा रही ट्रेन तेज गति से गुजर रही थी। इससे पहले कि वे संभल पाते, वे ट्रेन की चपेट में आ गए और यह भीषण हादसा हो गया।

स्टेशन पर भारी पुलिस बल तैनात

इस हादसे की खबर फैलते ही स्टेशन पर हड़कंप मच गया। तत्काल रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने तुरंत घटनास्थल को अपने नियंत्रण में ले लिया और बिखरे हुए शवों को इकट्ठा करने का काम शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की शिनाख्त करने की प्रक्रिया जारी है। घटना के बाद स्टेशन पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।