अगर बैंक से जुड़ा कोई भी काम है, तो जल्द से जल्द निपटा लें, क्योंकि मार्च की तरह अप्रैल के महीने में देश के अलग-अलग हिस्सों में 14 दिन बैंक बंद रहने वाले हैं। इस अवधि में गुड फ्राइडे व डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती के साथ साप्ताहिक अवकाश शामिल है। बैंक बंद होने के चलते चेकबुक व पासबुक समेत कई बैंकिंग संबंधित काम प्रभावित हो सकते हैं, हालांकि इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग ऐप्स और UPI सेवाएं जारी रहेंगी। एटीएम और डेबिट कार्ड लेन-देन भी चालू रहेंगे।
भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI ने 31 मार्च 2026 मंगलवार को वित्तीय वर्ष (Financial Year 2025-26) का अंतिम दिन होने के चलते बैंक हॉलिडे को कैंसिल कर दिया है। पहले यह दिन महावीर जयंती के कारण कुछ राज्यों में बैंक छुट्टी के रूप में सूचीबद्ध था लेकिन अब RBI के निर्देश के बाद बैंक इस दिन खुले रहेंगे। RBI के निर्देशों के अनुसार, सरकारी लेन-देन (Tax payments, GST आदि) को संभालने वाली बैंक शाखाएं इस दिन खुली रह सकती हैं।
इस तरह तय होती हैं बैंक की छुट्टियां
भारत में बैंक की छुट्टियों में राष्ट्रीय अवकाश (राजपत्रित अवकाश) व सरकारी अवकाश (राज्य/केंद्र) शामिल हैं। राज्य सरकार की छुट्टियां अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग होती हैं, जबकि केंद्र सरकार की छुट्टियां पूरे देश में एक जैसी रहती हैं। साथ ही क्षेत्रीय छुट्टियां किसी विशेष राज्य या क्षेत्र से संबंधित होती हैं। एक राज्य में किसी दिन अवकाश होने का मतलब यह नहीं है कि दूसरे राज्य में भी छुट्टी होगी। सभी राज्यों की बैंक छुट्टियां स्थानीय मान्यताओं और पर्व-त्योहारों के आधार पर अलग-अलग दिनों को होती हैं।
आइए जानते हैं अप्रैल में कब-कब बंद रहेंगे बैंक
- 1 अप्रैल (बुधवार): वार्षिक लेखाबंदी, देशभर के बैंकों में ग्राहकों के लिए कामकाज बंद रहेगा। बैंक कर्मचारी ईयर एंडिंग क्लोजिंग से जुड़े काम करेंगे।
- 2 अप्रैल (गुरुवार): पुण्य गुरुवार, कोच्चि व तिरुवनंतपुरम।
- 3 अप्रैल (शुक्रवार): गुड फ्राइडे, देश के अधिकांश राज्यों में।
- 5 अप्रैल (रविवार): साप्ताहिक अवकाश
- 11 अप्रैल (शनिवार): दूसरा शनिवार
- 12 अप्रैल (रविवार): साप्ताहिक अवकाश
- 14 अप्रैल (मंगलवार): डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर जयंती / बैसाखी/तमिल नववर्ष, विशु।
- 15 अप्रैल (बुधवार): बंगाली नववर्ष दिवस (नबाबरशा)/बोहाग बिहू/विशु/हिमाचल दिवस, अगरतला, गुवाहाटी, ईटानगर, कोच्चि, कोलकाता, शिमला, तिरुवनंतपुरम।
- 16 अप्रैल (गुरुवार): बोहाग बिहू, असम व पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में।
- 19 अप्रैल (रविवार): साप्ताहिक अवकाश
- 20 अप्रैल (सोमवार): अक्षय तृतीया / बसव जयंती, बेंगलुरु और कुछ अन्य राज्यों में।
- 21 अप्रैल (मंगलवार): गरिया पूजा, अगरतला व त्रिपुरा के क्षेत्रों में क्षेत्रीय अवकाश।
- 25 अप्रैल (शनिवार): चौथा शनिवार, देशभर के सभी बैंक बंद रहेंगे।
- 26 अप्रैल (रविवार): साप्ताहिक अवकाश
ये ऑनलाइन सेवाएं जारी रहेंगी
- बैंक की छुट्टियों के दौरान ग्राहक ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग कर सकते है, क्योंकि यूपीआई (UPI), मोबाइल बैंकिंग (Mobile Banking), इंटरनेट बैंकिंग (Internet Banking) जैसी डिजिटल सेवाओं (Digital Banking) पर बैंक की छुट्टियों का कोई असर नहीं होता है।
- जिस भी बैंक में आपका खाता हो उस बैंक की अधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए आप नेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें मनी ट्रांसफर ,बिलों का भुगतान और बैलेंस चेक की सुविधा उपलब्ध मिलती है।
- पैसे ट्रांसफर करने के लिए यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) एक सुरक्षित तरीका है आपको केवल UPI ऐप जैसे गूगल पे, फोन पे, पेटीएम (Google Pay, phonePe, paytm) आदि का इस्तेमाल करना होता है।
- इसके अलावा ग्राहक स्मार्टफोन पर बैंक की मोबाइल ऐप के जरिए भी कई सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं, जैसे फंड ट्रांसफर, मोबाइल रिचार्ज, यूटिलिटी बिल पेमेंट आदि।
- पैसे निकालने, बैलेंस चेक करने और मिनी स्टेटमेंट प्राप्त करने के लिए एटीएम हमेशा उपलब्ध रहते हैं। एटीएम में कार्डलेस कैश विड्रॉल जैसी सुविधाओं का भी उपयोग कर सकते हैं।
नोट: ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे बैंक जाने से पहले अपने शहर की स्थानीय बैंक शाखा से छुट्टियों के बारे में जानकारी पता कर लें, क्योंकि भारत में बैंक छुट्टियां अलग-अलग राज्यों के स्थानीय त्योहारों पर निर्भर करती हैं। इसके अलावा आप RBI की आधिकारिक वेबसाइट या बैंक ऐप पर भी ताजा अपडेट्स चेक कर सकते हैं।






