प्राइवेट सेक्टर के आरबीएल बैंक ने फिक्स्ड डिपॉजिट के ब्याज दरों (FD Rates) में बदलाव किया है। एनआरओ, एनआरई,  डॉमेस्टिक और फ्लेक्सि फिक्स्ड डिपॉजिट के लिए नए रेट 24 सितंबर से लागू हो चुके हैं। 3 करोड़ रुपये से कम निवेश करने वालों को मैच्योरिटी से पहले विड्रोल की अनुमति होगी। इससे अधिक की राशि को बल्क एफडी के तौर पर माना जाएगा। संशोधन के  बाद बैंक 7 दिन से लेकर 120 महीने के एचडी पर 3.50% से लेकर 7.20% तक ब्याज सामान्य नागरिकों को ऑफर कर रहा है।

वरिष्ठ नागरिकों को अभी भी 0.50 प्रतिशत एक्स्ट्रा रिटर्न मिल रहा है। 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए ब्याज दर 4% से लेकर 7.70% है। एनआरई के लिए इंटरेस्ट रेट 7% से लेकर 7.20% है, बैंक उन्हें 12 महीने से लेकर 120 महीने तक का टेन्योर ऑफर कर रहा है।

कितने दिन के टेन्योर पर मिलेगा सबसे ज्यादा ब्याज?

बदलाव के बाद सबसे ज्यादा ब्याज बैंक 18 महीने से लेकर 36 महीने तक के टेन्योर पर ऑफर कर रहा है। इस मैच्योरिटी स्लैब पर डोमेस्टिक, फ्लेक्सी एफडी, एनआरई और एनआरओ निवेशकों को 7.20% ब्याज मिल रहा है। वहीं वरिष्ठ नागरिकों के लिए इंटरेस्ट रेट 7.70% है।

इसके अलावा 12 महीने से लेकर 500 दिन के एफडी पर 7% रिटर्न बैंक ऑफर कर रहा है।  501 दिन से लेकर 18 महीने से कम और 36 महीने एक दिन से लेकर 60 महीने से कम के टेन्योर पर भी नागरिकों को 7% ब्याज मिल रहा है। टैक्स सेविंग फिक्स्ड डिपॉजिट पर बैंक 6.70% ब्याज सामान्य नागरिकों को दे रहा है, 60 महीने तक का निवेश कस्टमर में कर सकते हैं।

मैच्योरिटी स्लैब के हिसाब से इंटरेस्ट रेट 

  • 7 दिन से लेकर 14 दिन- 3.50%
  • 15 दिन से लेकर 45 दिन- 4%
  • 46 दिन से लेकर 90 दिन- 4.50%
  • 91 दिन लेकर 180 दिन- 4.75%
  • 181 दिन से लेकर 240 दिन- 5.50%
  • 241 दिन से लेकर 364 दिन- 6.05%
  • 365 दिन (12 महीने) से लेकर 500 दिन- 7%
  • 501 दिन से लेकर 18 महीने से कम- 7%
  • 18 महीने से लेकर 36 महीने तक- 7.20%
  • 36 महीने 1 दिन से लेकर 60 महीने से कम- 7%
  • 60 महीने से लेकर 120 महीने तक- 6.70%
  • टैक्स सेविंग फिक्स्ड डिपॉजिट (60 महीने)- 6.70%