आज भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी दिखाई दे रही है। 18 सितंबर को सेंसेक्स में 350 अंकों की बढ़त के चलते कारोबार 83 हजार के स्तर पर देखा गया, जबकि निफ्टी में भी 90 अंकों की तेजी के चलते कारोबार 25,400 के स्तर पर दिखाई दिया है। आज मेटल शेयरों में हल्की गिरावट नजर आ रही है, जबकि इंफोसिस, विप्रो और एचसीएल टेक जैसे शेयर शानदार तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं।

दरअसल सेंसेक्स ने आज अपना कारोबार 83,108.92 के स्तर पर शुरू किया था, जबकि कारोबार 82,920.76 के स्तर तक भी पहुंचा। सुबह 11:05 तक सेंसेक्स ने अपना हाई 83,141.21 बनाया। वहीं निफ्टी ने आज अपना कारोबार 25,441 के स्तर पर शुरू किया। निफ्टी ने सबसे कम 25,393 और सबसे ज्यादा 25,448.95 का स्तर बनाया।

चीन के शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में बढ़त

अगर एशियाई बाजार पर नजर डाली जाए तो आज चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.31% की बढ़त लेकर 3,888 के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जबकि जापान का निक्केई 1.009% की तेजी के चलते 45,277 के स्तर पर नजर आया है। इसके अलावा हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स 0.97% की गिरावट लेकर 26,882 के स्तर पर दिखाई दिया। वहीं कोरिया का कोस्पी 0.94% की तेजी लेकर 3,445 के स्तर पर दिखाई दिया। इससे पहले 17 सितंबर को अमेरिका का डॉव जोंस मार्केट भी शानदार तेजी के साथ बंद हुआ था। डॉव जोंस 0.57% की बढ़त लेकर 46,018 पर बंद हुआ।

बीते दिन तेजी में थे ये शेयर

वैसे हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन यानी 17 सितंबर 2025 को भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था। बुधवार को सेंसेक्स में 313 अंकों की तेजी के चलते कारोबार 82,694 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी में भी 91 अंकों की तेजी के चलते कारोबार 25,330 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं बीते दिन बीएसई स्मॉल कैप में 277 अंकों की तेजी के चलते कारोबार 54,537 के स्तर पर बंद हुआ, तो बीएसई मिडकैप में 86 अंकों की तेजी के चलते कारोबार 46,742 पर बंद हुआ। बीते दिन टाटा कंज्यूमर, एसबीआई और बैल में शानदार तेजी के चलते बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ। हालांकि एचडीएफसी लाइफ, बजाज फिनसर्व और टाइटन में गिरावट देखने को मिली।