आज यानी 19 मार्च गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार गिरावट दर्ज की गई है। दरअसल आज BSE Sensex करीब 1600 अंक टूटकर 75,100 के पास पहुंच गया है जबकि Nifty 50 भी 500 अंक गिरकर 23,300 के नीचे फिसल चुका है। वहीं बैंकिंग और ऑटो शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला है, जिसके चलते निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर हुआ है।
दरअसल आज की गिरावट सिर्फ एक सेक्टर तक सीमित नहीं रही है, बल्कि पूरे बाजार में असर देखने को मिला है। खासकर बैंकिंग शेयरों में आज भारी बिकवाली हुई है, जिसका एक बड़ा कारण HDFC Bank से जुड़ी खबर रही है। वहीं बैंक के चेयरमैन के इस्तीफे के बाद शेयर करीब 5% तक गिर गया है। इसके अलावा ऑटो सेक्टर भी दबाव में रहा है।
ये भी पढ़ें
क्या है आज मार्केट में गिरावट की बड़ी वजहें?
दरअसल आज की गिरावट के पीछे सबसे बड़ी वजह ग्लोबल टेंशन मानी जा रही है। ईरान इजराइल वॉर के चलते सप्लाई चेन पर असर पड़ने का डर बढ़ गया है। इसका सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों पर दिखा है, जो 112 डॉलर प्रति बैरल के पास पहुंच गई हैं। वहीं दूसरी बड़ी वजह ग्लोबल मार्केट का कमजोर रहना है। एशियाई बाजारों में गिरावट पहले से दिख रही थी, जिसका असर भारत पर भी पड़ा है। वहीं तीसरी वजह घरेलू फैक्टर्स हैं। दरअसल HDFC Bank के चेयरमैन के इस्तीफे ने बैंकिंग सेक्टर में गिरावट बढ़ा दी।
एशियाई बाजार में भी गिरावट
वहीं एशियाई बाजार पर नजर डालें तो आज साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 1.31% गिरकर 5,847 पर ट्रेड कर रहा है। इसके अलावा आज जापान का निक्केई इंडेक्स 2.47% गिरकर 53,875 पर आ गया है। आज हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स भी 1.60% की गिरावट लेकर 25,608 पर ट्रेड कर रहा है। जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स आज 0.95% की गिरावट लेकर 4,024 पर ट्रेड कर रहा है। वहीं इससे पहले अमेरिकी बाजार में 18 मार्च को गिरावट देखने को मिली थी। बता दें कि डाउ जोन्स 768 अंक (1.63%) गिरकर 46,225 के स्तर पर बंद हुआ था। जबकि टेक बेस्ड इंडेक्स नैस्डैक कंपोजिट 1.46% गिरकर 22,152 पर बंद हुआ।