Hindi News

आज शेयर बाजार में दिखी रफ्तार, सेंसेक्स और निफ्टी में उछाल, फिर रिकॉर्ड हाई के करीब बाजार

Written by:Rishabh Namdev
Published:
शेयर बाजार में शुक्रवार को फिर हरियाली देखने को मिली है। सेंसेक्स और निफ्टी शुरुआती गिरावट के बाद तेजी के साथ ट्रेड कर रहे हैं। विदेशी निवेशकों की खरीदारी, ग्लोबल शांति संकेत और कमजोर डॉलर जैसे फैक्टर्स ने बाजार को मजबूती दी है। जानिए आज के टॉप शेयर और किन वजहों से बाजार में तेजी दिखी है।
आज शेयर बाजार में दिखी रफ्तार, सेंसेक्स और निफ्टी में उछाल, फिर रिकॉर्ड हाई के करीब बाजार

शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत तो हल्की गिरावट के साथ हुई, लेकिन कुछ ही देर में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने रफ्तार पकड़ ली। सेंसेक्स 229 अंक चढ़कर 83,985 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 73 अंक उछलकर 25,622 के पार निकल गया। लगातार तीसरे दिन बाजार में तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स अब अपने ऑल टाइम हाई 85,978 से सिर्फ 3% दूर है, जबकि निफ्टी भी अपने रिकॉर्ड से सिर्फ 728 अंक नीचे है।

दरअसल इस बढ़त के पीछे भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती, ब्याज दरों में कटौती और निवेशकों का सकारात्मक रुख जिम्मेदार है। ग्लोबल मार्केट से भी अच्छे संकेत मिल रहे हैं, जिससे भारतीय बाजार को सपोर्ट मिला है।

विदेशी निवेश और वैश्विक संकेत

बता दें कि शेयर बाजार में आई ताजा तेजी की एक बड़ी वजह विदेशी निवेशकों की दमदार खरीदारी है। इसके अलावा मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में शांति का माहौल है, जिससे ग्लोबल ट्रेडर्स भी शेयरों की ओर लौटे हैं। डॉलर की कमजोरी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट भी भारत जैसे इम्पोर्टर देशों के लिए राहत लेकर आई है। जबकि आरबीआई द्वारा ब्याज दरों में की गई कटौती से घरेलू निवेशकों का भरोसा और बढ़ा है।

आज के टॉप स्टॉक्स और सेक्टर्स पर नजर

वहीं आज के कारोबार में कुछ शेयर विशेष फोकस में हैं। इनमें हिताची एनर्जी इंडिया, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावर मेक प्रोजेक्ट्स और महिंद्रा लाइफस्पेस शामिल हैं। इन कंपनियों के शेयरों में 1% से ज्यादा की तेजी देखी गई है। सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयर हरे निशान में हैं। टाटा स्टील, L&T, SBI, NTPC जैसे शेयर 1.3% तक चढ़े हैं, जबकि HDFC, कोटक बैंक और बजाज फिनसर्व में हल्की गिरावट दिखी। निफ्टी के 50 में से 38 शेयरों में तेजी रही। NSE पर मेटल और सरकारी बैंकिंग इंडेक्स में 1% की बढ़त देखी गई है। वहीं ऑटो, आईटी, मीडिया और फार्मा सेक्टर में भी आधे प्रतिशत की तेजी रही।

ग्लोबल मार्केट का हाल

वहीं दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मिलाजुला कारोबार देखने को मिला। जापान का निक्केई 1.59% चढ़कर 40,215 पर कारोबार कर रहा है, जबकि कोरिया का कोस्पी 0.85% गिरकर 3,053 पर पहुंचा। चीन का शंघाई कंपोजिट 0.21% नीचे है, वहीं हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग फ्लैट कारोबार कर रहा है। अमेरिका में भी हाल ही में मिला-जुला कारोबार रहा। डाउ जोन्स में 0.94% गिरावट रही, लेकिन नैस्डेक और S&P 500 में क्रमश: 0.97% और 0.80% की तेजी दर्ज की गई।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews