छतरपुर जिले के चंदला क्षेत्र से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक दृष्टिहीन और मानसिक रूप से अस्वस्थ्य व्यक्ति को कथित तौर पर मांसाहार खिलाने का वीडियो सामने आया है। व्यक्ति को केवल चिकन खिलाया ही नहीं गया बल्कि उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी किया गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने इसका विरोध किया और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। अब इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है की जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वायरल हुआ वीडियो
चंदला क्षेत्र के भवानीपुर में रहने वाले तुलसीदास द्विवेदी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो के बारे में लोगों का कहना है कि स्थानीय यूट्यूबर भारचंद अहिरवार ने उन्हें चिकन खिलाया और फिर वीडियो भी वायरल किया।
सोशल मीडिया पर जैसे ही वीडियो वायरल हुआ स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने चंदला थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। लोगों ने आरोप लगाया है कि व्यक्ति की मानसिक और शारीरिक स्थिति का फायदा उठाकर वीडियो बनाया गया है। ये वीडियो सोशल मीडिया से हटाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है।
भगवानदास का आरोपों से इनकार
इस मामले में भगवानदास ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपी को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि तुलसीदास दो दिन से भूखे थे और उन्होंने सब्जी चिकन बनाया था। तुलसीदास ने खुद ही इसे खाने की बात कही थी। किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत करने की उनकी कोई मंशा नहीं थी।
पुलिस का क्या कहना
इस मामले में छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा का कहना है कि दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया है। अब तक कोई भी लिखित शिकायत नहीं मिली है। अगर शिकायत आती है तो तथ्यों की जांच करने के बाद नियम अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






