छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे को ऐतिहासिक और गौरवशाली बताया। उन्होंने कहा कि जिन सपनों के साथ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया था, आज वह सपना साकार हो रहा है। साव ने कहा कि यह “युवा छत्तीसगढ़” अब नई ऊर्जा, नए संकल्प और ऊंची उड़ान के साथ विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा मिली

डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ को विकास की नई दिशा दी है और राज्य अब आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग क्षेत्रों में बड़ा सुधार हुआ हैसाव ने कहा, “यह दौरा केवल कार्यक्रम नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की घोषणा है। अब राज्य नई सोच और नई नीति के साथ आगे बढ़ेगा।”

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए अरुण साव ने कहा कि बिहार और देशभर में कांग्रेस की राजनीतिक हैसियत खत्म हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब क्षेत्रीय दलों की पिछलग्गू बनकर चुनाव लड़ रही है और भाजपा को हराने के सपने देखना हास्यास्पद है। साव ने दावा किया कि बिहार में भाजपा पुनः दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विजन देश के विकास के लिए है, जिसे कांग्रेस कभी समझ ही नहीं सकती।

बस्तर से जल्द होगा नक्सलवाद का अंत

नक्सलवाद पर बोलते हुए डिप्टी सीएम साव ने कहा कि भाजपा सरकार ने सरगुजा से नक्सलवाद का खात्मा किया है और बस्तर में भी नक्सलियों को हाशिए पर धकेल दिया गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पिछली सरकारों ने नक्सलवाद को पनपने दिया, जिससे समस्या फिर गहराई। साव ने विश्वास जताया कि अब प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर और पूरा छत्तीसगढ़ नक्सल मुक्त बनने की ओर बढ़ रहा है।

साव ने कहा कि जो लोग समाज और देश को तोड़ने का काम करते हैं, कांग्रेस उन्हीं के साथ खड़ी रहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य विकास, सुरक्षा और समृद्धि है। “बस्तर में अब खुशहाली और तरक्की का नया दौर शुरू होगा,” उन्होंने कहा। साव ने जनता से अपील की कि वे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एकजुट होकर विकसित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहयोग दें।