छत्तीसगढ़ विधानसभा में आगामी बजट सत्र की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने घोषणा की है कि सत्र 23 फरवरी को शुरू होगा और राज्य का बजट 24 फरवरी को सदन के समक्ष रखा जाएगा। यह बीजेपी सरकार द्वारा प्रस्तुत किया जाने वाला तीसरा बजट होगा।
वित्त मंत्री के मुताबिक इस बार भी बजट को एक नए विषय के साथ पेश किया जाएगा। पिछले बजटों में ‘ज्ञान’ और ‘गति’ जैसी थीम रही थीं। बजट सत्र कुल 15 बैठकों के साथ 20 मार्च तक जारी रहेगा। पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका सदन को संबोधित करेंगे और अपने अभिभाषण में सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और भावी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे।
सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार होगा बजट
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने स्पष्ट किया कि इस बार का बजट महिलाओं, युवाओं और किसानों को केंद्र में रखकर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखा गया है और सरकार का उद्देश्य प्रदेश के विकास को गति देना तथा जनहितकारी योजनाओं को मजबूती प्रदान करना है।
बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्यय का पूरा विवरण सदन में रखेगी। विकास कार्यों, जनहित के मुद्दों और सरकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
कांग्रेस का तीखा प्रहार
बजट को लेकर विपक्षी कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है। विधायक देवेंद्र यादव ने व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए कहा कि पहले बजट में वित्त मंत्री ने ज्ञान दिया, दूसरे में गति दी, लेकिन प्रदेश को मिली केवल दुर्गति। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब कोचियों, वन माफियाओं, और नशे के कारोबार को बढ़ावा मिला है। निर्दोष लोगों पर पुलिसिया अत्याचार, हिंसा और मॉब लिंचिंग की घटनाएं बढ़ी हैं। विधायक ने प्रधानमंत्री मोदी के वादों को पूरा करने की मांग भी उठाई।
इंफ्रास्ट्रक्चर और खेल सुविधाओं पर जोर
सूत्रों के अनुसार बजट 2026-27 में बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष फोकस रहेगा। छोटे और मध्यम शहरों में खेल मैदानों के निर्माण और यातायात सुविधा के लिए रिंग रोड बनाने के प्रावधान किए जा सकते हैं। नवा रायपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा लगाने की योजना है।
नगर पंचायत पखांजूर में खेल परिसर स्थापित किया जाएगा जबकि दुलदुला में मिनी इंडोर स्टेडियम का निर्माण होगा। दुर्ग की पहली बटालियन में बने इंडोर स्टेडियम के लिए एक करोड़ रुपए का अतिरिक्त प्रावधान किया जाएगा। सारंगढ़ के इंडोर स्टेडियम के नवीनीकरण हेतु भी बजट में राशि आवंटित की जाएगी।
रिंग रोड और जनहित योजनाओं के लिए बड़ा बजट
इस बार के बजट की खास बात यह होगी कि सभी विभागों की गैर जरूरी योजनाओं में कटौती की जाएगी। प्रदेश के सभी बड़े नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं में रिंग रोड निर्माण के लिए लगभग सौ करोड़ रुपए का प्रावधान किया जा रहा है।
जिन जिलों में नालंदा लाइब्रेरी नहीं बनी है, उनके लिए धनराशि आवंटित की जाएगी। पीएम सूर्यघर योजना और आयुष्मान योजना के लिए करीब दो हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया जाएगा। यह बजट प्रदेश के समग्र विकास और जनकल्याण पर केंद्रित होगा।





