Hindi News

पीएम मोदी के दौरे से पहले सीएम साय ने अफसरों को लगाई फटकार, बोले – जरा सी भी कमी बर्दाश्त नहीं

Written by:Saurabh Singh
Published:
PM Narendra Modi Chhattisgarh Visit News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ आगमन राज्य के लिए गौरव का अवसर है। इस दौरान हर व्यवस्था उत्कृष्टता का प्रतीक बने, प्रदेश की संस्कृति, आत्मगौरव और प्रगति की झलक प्रत्येक स्थल पर नजर आनी चाहिए।
पीएम मोदी के दौरे से पहले सीएम साय ने अफसरों को लगाई फटकार, बोले – जरा सी भी कमी बर्दाश्त नहीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक नवंबर को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के दौरे पर आने वाले हैं। इसे लेकर सरकार और प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट पर है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खुद नवा रायपुर पहुंचकर विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री का राज्य में आगमन छत्तीसगढ़ के लिए सम्मान की बात है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सीएम साय ने जोर देकर कहा कि तैयारियां ऐसी हों, जिससे प्रदेश की संस्कृति, गौरव और प्रगति हर जगह दिखे।

नवा रायपुर के कई स्थलों का किया निरीक्षण

सीएम विष्णु देव साय ने सबसे पहले नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं हॉस्पिटल का दौरा किया। उन्होंने वहां कार्यक्रम की रूपरेखा, मंच व्यवस्था और अतिथियों के बैठने की तैयारी देखी। इसके बाद वे प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ध्यान केंद्र पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने ध्यान केंद्र के सभागार, मेडिटेशन रूम और बाहरी परिसर का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय पर और पूरी तरह तैयार हो जानी चाहिए।

ट्राइबल म्यूजियम बनेगा जनजातीय गौरव का प्रतीक

अपने निरीक्षण अभियान के दौरान मुख्यमंत्री साय ने शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का भी दौरा किया। उन्होंने कहा कि यह म्यूजियम जनजातीय समाज की वीरता, संघर्ष और बलिदान का जीवंत प्रतीक बनेगा। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि संग्रहालय का हर कोना ऐसा तैयार हो, जिससे आगंतुकों को छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों के गौरवशाली इतिहास की जानकारी मिल सके। उन्होंने प्रदर्शनी दीर्घा, मल्टीमीडिया गैलरी और स्मृति कक्ष की तैयारियों की भी समीक्षा की और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

राज्योत्सव स्थल पर पहुंचकर दिए सख्त निर्देश

सीएम विष्णु देव साय ने अंत में नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव स्थल का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने मुख्य मंच, वीआईपी दीर्घा, विभागीय डोम, प्रदर्शनी और पार्किंग क्षेत्र की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की संस्कृति, उपलब्धियों और आत्मविश्वास का उत्सव है, इसलिए यह आयोजन उत्कृष्टता की मिसाल बने। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय पर पूरे किए जाएं और सुरक्षा, स्वच्छता तथा आम लोगों की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा, “यह मौका पूरे राज्य के लिए गर्व का है, इसलिए किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।”

Saurabh Singh
लेखक के बारे में
राजनीति में गहरी रुचि. खबरों के विश्लेषण में तेज और राजनीतिक परिस्थितियों की समझ रखते हैं. देश-दुनिया की घटनाओं पर बारीक नजर और फिर उसे खबरों के रूप में लिखने के शौकीन हैं. View all posts by Saurabh Singh
Follow Us :GoogleNews