छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जीएसटी सुधारों ने देश के डेढ़ सौ करोड़ लोगों के लिए खुशहाली लाने का काम किया है। जीएसटी स्लैब को चार से घटाकर दो करने, कई वस्तुओं पर कर शून्य करने और अन्य पर 10 प्रतिशत तक कमी करने से आम आदमी का जीवन स्तर सुधरेगा और व्यापार-उद्योग को नई गति मिलेगी। नवरात्रि से लागू ये प्रावधान देश को आर्थिक रूप से और मजबूत करेंगे। साय ने बताया कि इन सुधारों से प्रत्येक परिवार को सालाना कम से कम 50 हजार रुपये की बचत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कांग्रेस शासन में 17 प्रकार के टैक्स और 13 प्रकार के सेस लागू थे, जिसमें आयकर की दर 97.5 प्रतिशत तक थी। अब जीएसटी सुधारों के तहत रोजमर्रा की वस्तुओं जैसे तेल, शैम्पू, टूथपेस्ट, मक्खन, पनीर, सिलाई मशीन, ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों पर टैक्स घटाकर 5 प्रतिशत किया गया है। इससे 90 प्रतिशत सामान सस्ते हो गए हैं, जिसका सबसे ज्यादा लाभ सूक्ष्म, लघु और मझोले उद्योगों को होगा। साथ ही, वस्त्र उद्योग को निर्यात में विशेष फायदा मिलेगा।
ये भी पढ़ें
छत्तीसगढ़ में इन सुधारों से किसानों को विशेष राहत
कृषि प्रधान छत्तीसगढ़ में इन सुधारों से किसानों को विशेष राहत मिलेगी। ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, रोटावेटर और अन्य कृषि उपकरणों पर जीएसटी 5 प्रतिशत करने से 25 से 63 हजार रुपये तक की बचत होगी। उदाहरण के तौर पर, 9 लाख रुपये के ट्रैक्टर पर 65 हजार और 5.8 लाख के ट्रैक्टर पर 41 हजार रुपये की बचत होगी। इसके अलावा, तेंदूपत्ता और लघु वनोपज की प्रोसेसिंग मशीनों पर टैक्स कम होने से बस्तर-सरगुजा के जनजातीय संग्राहकों को लाभ होगा। छत्तीसगढ़ में सालाना 30-35 हजार ट्रैक्टरों की बिक्री से किसानों को 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की बचत होगी।
स्वास्थ्य और जीवन बीमा को पूरी तरह टैक्स-मुक्त
स्वास्थ्य और जीवन बीमा को पूरी तरह टैक्स-मुक्त करने का निर्णय सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए ऐतिहासिक है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह कदम सस्ते इलाज और बीमा के लक्ष्य को साकार करेगा। जीएसटी को अब ‘गुड एंड सिंपल टैक्स’ बताते हुए उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी की सराहना की। साय ने कहा कि यह सुधार गरीब और मध्यम वर्ग के लिए क्रांतिकारी है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में नए युग की शुरुआत करेगा।