छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने गांजा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार सुबह मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने पड़ोसी राज्य ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाए जा रहे 300 किलो गांजे की एक बड़ी खेप पकड़ी है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए गांजे, दो लग्जरी वाहनों और अन्य संपत्ति की कुल कीमत 1 करोड़ 86 लाख रुपये आंकी गई है। यह पूरा मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
लैलूंगा पुलिस को आज सुबह मुखबिर से यह गोपनीय जानकारी मिली थी कि पड़ोसी राज्य ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से गांजे की एक बड़ी खेप दो सफेद रंग की कारों में मध्यप्रदेश के अनुपपुर ले जाई जा रही है। इस सूचना को लैलूंगा पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया और तत्काल इस पर कार्रवाई करने का फैसला किया। पुलिस ने अलग-अलग मार्गों पर विशेष नाकेबंदी की और आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी।
नाकेबंदी के दौरान कटकलिया मार्ग पर पुलिस को मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए की दो गाड़ियां दिखीं। ये गाड़ियां एक इनोवा क्रिस्टा और एक मारुति सुजुकी एक्सएल-6 थीं। पुलिस ने तत्काल दोनों वाहनों को रोका और उनकी तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस ने पाया कि इनोवा क्रिस्टा में दो अलग-अलग नंबर प्लेट लगी हुई थीं – एक OD 10 H 0050 और उसके ठीक नीचे CG 13 BY 6540। यह नंबर प्लेट बदलने की कोशिश तस्करी के इरादे को और पुख्ता कर रही थी।
पुलिस ने कुल 300 किलो गांजा किया बरामद
वाहनों की विस्तृत जांच में पुलिस ने कुल 300 किलो गांजा बरामद किया। गांजे के साथ-साथ आरोपियों के मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दोनों लग्जरी गाड़ियां भी जब्त कर ली गईं। पुलिस के अनुसार, जब्त की गई इस पूरी संपत्ति का कुल मूल्य 1 करोड़ 86 लाख रुपये है, जिसमें गांजे की कीमत भी शामिल है।
ओडिशा से एमपी जा रही थी गांजे की खेप
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान निखिल कश्यप, रिंकु कश्यप और धर्मेन्द्र मौर्य के रूप में बताई। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा से गांजे की इस बड़ी खेप को मध्यप्रदेश के अनुपपुर जिले में अपने सहयोगियों तक पहुंचाने वाले थे। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और समय पर मिली सूचना के चलते वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके और गांजे की यह बड़ी खेप अपने गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही पुलिस के शिकंजे में आ गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में पहला, निखिल कश्यप, पिता अशोक कश्यप, उम्र 23 साल है, जो रामानुजगंज जेल रोड़, वार्ड नंबर 03, बरून्दा घाटपारा, थाना रामानुंजगंज, जिला बलरामपुर का निवासी है। दूसरा आरोपी रिंकु कश्यप, पिता राजू कश्यप, उम्र 28 साल है, जो नवानगर चिरगापारा, थाना दरिमा, जिला सरगुजा का रहने वाला है। तीसरा आरोपी धर्मेन्द्र कुमार मौर्य, पिता रमेश कुमार मौर्य, उम्र 27 साल है, जो हराटोला, थाना राजेन्द्रनगर, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) का निवासी है।
लैलूंगा पुलिस ने इन तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस इस अंतरराष्ट्रीय गांजा तस्करी रैकेट के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है।






