छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य के शासकीय महाविद्यालयों में 700 नए पदों पर भर्ती की घोषणा की है। इनमें 625 सहायक प्राध्यापक, 25 क्रीड़ा अधिकारी और 50 ग्रंथपाल के पद शामिल हैं। इसके साथ ही, राज्य में जल्द ही 5000 नए शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने की योजना है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले 20 महीनों में 10,000 से अधिक शासकीय नौकरियां उपलब्ध कराई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटॉफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि भर्ती प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी, जिससे युवाओं को और अधिक रोजगार के अवसर मिलेंगे।
विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन
इन नियुक्तियों का उद्देश्य न केवल युवाओं को रोजगार प्रदान करना है, बल्कि महाविद्यालयों में शिक्षा, शोध, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों की गुणवत्ता को बढ़ाना भी है। सीएम साय ने विश्वास जताया कि यह कदम विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करेगा।
आने वाले समय में और अधिक भर्तियां
राज्य सरकार का यह प्रयास युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में और अधिक भर्तियों के साथ छत्तीसगढ़ में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।





