दिवाली से पहले पिछोर में घर पर छापा, 128 किलो पनीर और 10 किलो रिफाइंड तेल जब्त, खाद्य विभाग की कार्रवाई के बाद दुकानदारों ने बंद की दुकानें

पिछोर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने पुलिस के साथ राकेश बघेल के घर की जांच की, 128 किलो पनीर और 10 किलो रिफाइंड तेल सील, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई
दिवाली से पहले पिछोर में घर पर छापा, 128 किलो पनीर और 10 किलो रिफाइंड तेल जब्त, खाद्य विभाग की कार्रवाई के बाद दुकानदारों ने बंद की दुकानें

डबरा। दिवाली से पहले ग्वालियर जिले के पिछोर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक घर पर छापा मारकर 128 किलो पनीर और 10 किलो रिफाइंड तेल जब्त किया है। विभाग को सूचना मिली थी कि घर के अंदर बड़ी मात्रा में पनीर का कारोबार किया जा रहा है। इसके बाद खाद्य विभाग की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई की। जब्त किए गए पनीर और तेल के सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि इनमें किसी तरह की मिलावट है या नहीं।

सूचना के बाद राकेश बघेल के घर पहुंची टीम

खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरीश राजौरिया के अनुसार, विभाग को पिछोर में राकेश बघेल के घर से पनीर का कारोबार किए जाने की जानकारी मिली थी। इस पर पुलिस के साथ टीम ने घर पर छापा मारा। जांच के दौरान वहां 128 किलो पनीर के अलावा 10 किलो रिफाइंड तेल मिला।

टीम ने दोनों खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर पूरा सामान फ्रिज में रखवाया और सील कर दिया। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग की कार्रवाई के बाद दुकानदारों ने बंद की दुकानें

पिछोर में छापेमारी की खबर फैलते ही स्थानीय डेयरी कारोबारियों में हलचल शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि खाद्य विभाग की कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर वहां से चले गए।

वहीं, इस कार्रवाई के बाद डबरा में भी खाद्य पदार्थों की जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं। दिवाली के समय दूध, पनीर और मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में सवाल है कि खाद्य सुरक्षा विभाग डबरा शहर में संचालित डेयरी और मिष्ठान दुकानों की भी नियमित जांच करेगा या उसकी कार्रवाई पिछोर तक ही सीमित रहेगी।

फिलहाल पिछोर से जब्त पनीर और रिफाइंड तेल की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही इन खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और संभावित मिलावट की स्थिति साफ हो सकेगी।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews