MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

हर्निया का ऑपरेशन कराने अस्पताल पहुंचा 40 वर्षीय युवक, सर्जरी के बाद हुई मौत, परिजनों ने किया हंगामा

दमोह के स्टेशन चौराहे स्थित विद्या हॉस्पिटल में हर्निया का ऑपरेशन कराने पहुंचे 40 वर्षीय मरीज की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा हो गया। दरअसल परिजनों ने डॉक्टर पीतांबर बुधवानी और अस्पताल स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
हर्निया का ऑपरेशन कराने अस्पताल पहुंचा 40 वर्षीय युवक, सर्जरी के बाद हुई मौत, परिजनों ने किया हंगामा

दमोह के विद्या हॉस्पिटल में सोमवार रात हर्निया के ऑपरेशन के दौरान 40 वर्षीय सचिन अग्रवाल की मौत हो गई। दरअसल वह हिंडोरिया के रहने वाले थे और हर्निया की परेशानी के इलाज के लिए डॉक्टर पीतांबर बुधवानी के अस्पताल पहुंचे थे। घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिजन अस्पताल पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते अस्पताल में परिजनों की भीड़ जमा हो गई।

वहीं परिजनों के मुताबिक सचिन को पहले से कोई गंभीर परेशानी नहीं थी। शाम करीब 6 बजे डॉक्टर की सलाह के अनुसार उन्हें अस्पताल लाया गया था। यहां खून और पेशाब की जांच कराई गई। इसके बाद रात करीब 10 से 11 बजे के बीच उन्हें ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद जब सचिन को बाहर लाया गया तो उन्हें होश नहीं आया।

ऑपरेशन के बाद नहीं आया होश

परिजनों के अनुसार ऑपरेशन थिएटर से बाहर लाने के बाद करीब आधे घंटे तक सचिन को होश नहीं आया। जब परिवार के लोगों ने अस्पताल की नर्सों और स्टाफ से इस बारे में पूछा तो उन्हें बताया गया कि एनेस्थीसिया के असर के कारण मरीज अभी बेहोश है और कुछ देर में होश आ जाएगा। परिजनों का कहना है कि काफी समय गुजरने के बाद भी जब सचिन की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो उन्होंने डॉक्टर को बुलाने की बात कही। परिवार के मुताबिक इसके बाद डॉक्टर पीतांबर बुधवानी को बुलाया गया। डॉक्टर ने मरीज को सीपीआर दिया और बाद में सचिन को मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। उनका कहना है कि जिस मरीज को हर्निया के ऑपरेशन के लिए अस्पताल लाया गया था उसकी ऑपरेशन के दौरान ही मौत हो गई और परिवार को इसकी जानकारी समय पर नहीं दी गई।

दरअसल सचिन के भाई अमित अग्रवाल ने भी डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनका भाई ऑपरेशन से पहले सामान्य स्थिति में था और खुद बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचा था। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने संभाली स्थिति

वहीं अस्पताल में हंगामे की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझाइश दी और मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों का आरोप है कि सचिन की मौत डॉक्टर की लापरवाही के कारण हुई है, जबकि मौत की सही वजह अभी सामने आना बाकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भी जांच का हिस्सा बनाया जाएगा। इलाज के दौरान क्या हुआ, ऑपरेशन के समय मरीज की स्थिति कैसी थी और मौत किस वजह से हुई, इन सभी बिंदुओं की जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।

डॉक्टर ने क्या कहा?

परिजनों ने डॉक्टर पीतांबर बुधवानी और अस्पताल स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस मामले में पूरी जांच होनी चाहिए ताकि मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके। फिलहाल पुलिस ने मामला जांच में लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं डॉक्टर पीतांबर बुधवानी का कहना है की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Dinesh Agrawal
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews
हर्निया का ऑपरेशन कराने अस्पताल पहुंचा 40 वर्षीय युवक, सर्जरी के बाद हुई मौत, परिजनों ने किया हंगामा