MP Breaking News

दमोह में भारी बारिश से दो मंजिला जर्जर मकान गिरा, आधा दर्जन परिवारों का सामान मलबे में दबा

दमोह जिले के हटा शहर में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच राय चौराहे के पास एक दो मंजिला जर्जर मकान गिर गया। राहत की बात यह रही कि मकान गिरने से पहले उसमें रह रहे लोग बाहर निकल चुके थे जिससे बड़ा हादसा टल गया।
दमोह में भारी बारिश से दो मंजिला जर्जर मकान गिरा, आधा दर्जन परिवारों का सामान मलबे में दबा

दमोह जिले में बीते एक सप्ताह से लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब सामने आने लगा है। दरअसल हटा शहर में सुबह एक पुराना दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। जिस समय मकान पूरी तरह ढहा, उस समय उसके अंदर कोई मौजूद नहीं था। इससे जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान में रहने वाले करीब आधा दर्जन परिवारों का घरेलू सामान मलबे में दब गया।

यह मकान हटा के राय चौराहे के पास मनोज यादव का बताया गया है। पुराने और सामान्य मकान होने के कारण इसमें कम किराए पर गरीब तबके के परिवार रहते थे। लगातार बारिश के चलते मकान कमजोर पड़ गया और आखिरकार पूरी तरह ढह गया।

सुबह होते-होते पूरी इमारत ढह गई

वहीं जानकारी के मुताबिक लगातार हो रही बारिश के कारण मकान पानी का दबाव नहीं झेल पाया। देर रात सबसे पहले मकान का एक हिस्सा गिरा। इसके बाद वहां रह रहे लोगों को अंदेशा हो गया कि पूरी इमारत कभी भी गिर सकती है। किरायेदारों ने सतर्कता दिखाते हुए रात में ही मकान खाली कर दिया। सुबह होते-होते पूरा दो मंजिला मकान गिर गया। लोगों के पहले ही बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया। हालांकि मकान में रहने वाले परिवारों का घरेलू सामान बाहर नहीं निकाला जा सका। मकान गिरने के बाद बर्तन, कपड़े, फर्नीचर और दूसरी गृहस्थी की सामग्री मलबे में दब गई। पीड़ित परिवारों ने बताया कि उनका सामान खराब हो गया है। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। इसके बाद नगर पालिका की टीम और अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया।

नगर पालिका ने कहा – जर्जर मकानों का फिर से होगा सर्वे

दरअसल मकान गिरने के बाद नगर पालिका हटा के अधिकारी मौके पर पहुंचे। नगर पालिका के सीएमओ राजेंद्र खरे ने बताया कि शहर में पहले भी जर्जर भवनों को गिराने की कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस मकान के जर्जर होने की जानकारी नगर पालिका के पास नहीं थी, इसलिए इसे पहले नहीं गिराया गया। घटना के बाद अब शहर में दोबारा जर्जर मकानों का सर्वे कराया जाएगा। सीएमओ के मुताबिक सर्वे के जरिए ऐसे भवनों की पहचान की जाएगी, जो जर्जर स्थिति में हैं, ताकि आगे इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए जरूरी कार्रवाई की जा सके।

दिनेश अग्रवाल, दमोह

Dinesh Agrawal
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews
दमोह में भारी बारिश से दो मंजिला जर्जर मकान गिरा, आधा दर्जन परिवारों का सामान मलबे में दबा