मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है और विभिन्न जिलों में मादक पदार्थों की तस्करी पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीमें नशीले पदार्थ जब्त करने के साथ आरोपियों को गिरफ्तार कर रही हैं और अवैध कारोबार पर शिकंजा कस रही हैं। ताजा मामला धार जिले से सामने आया है जहां पुलिस ने गांजे के हरे पौधों को बरामद कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी अनुसार, पुलिस ने जिले के ग्राम उकाला में तीन अलग-अलग खेतों से 229 हरे गांजे के पौधे जब्त किए हैं। बरामद किये गये पौधों का वजन करीब 170 किलोग्राम बताया गया है। तो वहीं अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी फरार हैं जिनकी पुलिस तलाश में जुटी है।
पुलिस को उकाला गांव में गांजे की खेती की मिली सूचना
पुलिस के अनुसार, थाना मनावर की पुलिस को मुखबिर से ग्राम उकाला में गांजे की खेती की सूचना मिली थी। सूचना मिली थी कि तीन खेतों में कपास और गराडू की फसल के बीच गांजे के पौधे छिपाकर अवैध रूप से उगाए जा रहे थे। सूचना के आधार पर पुलिस तत्काल की एक्टिव हो गई और दबिश देने के लिये रणनीति तैयार की।
तीन खेतों से गांजे के 229 हरे पौधे जब्त
इसके बाद पुलिस ने सूचना के आधार पर तीन अलग-अलग टीमों ने एक साथ खेतों में सर्चिंग की। सर्चिंग के दौरान पुलिस को पहले खेत से 29, दूसरे खेत से 90 पौधे और तीसरे खेत से 110 हरे पौधे बरामद हुये। पुलिस को तीनों खेतों से कुल 229 पौधे और करीब 170 किलो गांजा बरामद हुआ। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी
पुलिस के अनुसार, मामले में NDPS एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किये गये हैं। वहीं, कार्रवाई के बाद सभी आरोपी फरार बताये जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर कार्रवाई की जाएगी।





