धार: मध्यप्रदेश के धार से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां अमझेरा के तंबोली समाज के नानादेवी मंदिर में हुई चोरी का शनिवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही करीब 2 लाख 30 हजार रुपये कीमत का चांदी का सामान बरामद किया गया है।

24 जुलाई को थाने में दर्ज हुई थी चोरी की शिकायत

पुलिस के अनुसार, चोरी की वारदात का मामला 24 जुलाई को सामने आया जब भैरू मोहल्ला निवासी कांतिलाल पिता परसराम मोदी ने अमझेरा थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि चालनी रोड पर हरदम लाला मंदिर के सामने स्थित नानादेवी मंदिर के चैनल गेट और मुख्य दरवाजे के ताले तोड़कर बदमाश अंदर घुसे थे।

इसके बाद आरोपी मंदिर से माताजी का चांदी का मुकुट, चांदी के कान के कुंडल, तीन चांदी के छत्र, दो जोड़ी चांदी के नाग-नागिन, भोलेनाथ और गणेशजी की पीतल की मूर्तियां, लड्डू गोपाल की चार छोटी पीतल की मूर्तियां और सीसीटीवी कैमरे से जुड़ी ज्योनिक्स कंपनी की 17 इंच की एलईडी चोरी कर ले गए थे।

मामले की जांच के लिए गठित की गई पुलिस की विशेष टीम

शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और चोरों की तलाश में जुट गई। इस पूरे मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने समीर पिता बहादुर मंडलोई निवासी कुडुझेता, संजय पिता हिंदु मेडा निवासी नाहवेल और सुरेश पिता रतनसिंह मंडलोई निवासी कुडुझेता को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया जुर्म

जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो तीनों ने मंदिर में चोरी करने का आरोप स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने रवि उर्फ रविन्द्र पिता सरदार भील निवासी पिपरी और महेन्द्र पिता बिलाम भुरिया निवासी नाहवेल के साथ मिलकर वारदात की थी। यानि की इस पूरी वारदात को पांच आरोपियों ने अंजाम दिया था।

बता दें कि पांचों आरोपियों में से तीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दो अभी भी फरार हैं। जिनकी तलाश में पुलिस की टीम जुटी है। पुलिस के अनुसार, समीर के खिलाफ अलग-अलग थानों में 9 अपराध, संजय के खिलाफ 8 और सुरेश के खिलाफ 3 अपराध दर्ज हैं।