बॉलीवुड के जाने-माने फिल्म डायरेक्टर और प्रोड्यूसर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है. मुंबई के जुहू इलाके में स्थित उनके घर पर शनिवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
गनीमत रही कि इस फायरिंग में किसी को कोई चोट नहीं आई है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जुहू पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और रोहित शेट्टी के टॉवर के आसपास सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया. इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
जांच की कमान क्राइम ब्रांच के हाथ
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का जिम्मा मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है. पुलिस की टीमें हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं. पुलिस इस हमले के पीछे के मकसद और हमलावरों का पता लगाने के लिए हर एंगल से जांच कर रही है.
सोशल मीडिया पर घटनास्थल के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें पुलिस की गाड़ियां और बैरिकेड्स दिखाई दे रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.
सलमान खान के घर पर भी हुई थी फायरिंग
यह घटना कुछ महीने पहले एक्टर सलमान खान के बांद्रा स्थित घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ के बाहर हुई फायरिंग की याद दिलाती है. उस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग का उस घटना से कोई संबंध है.
एक्शन फिल्मों के लिए जाने जाते हैं रोहित
रोहित शेट्टी बॉलीवुड के सबसे सफल फिल्ममेकर्स में से एक हैं. वह अपनी एक्शन और कॉमेडी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं. उनकी फिल्मों में कारों के हैरतअंगेज स्टंट्स एक खास पहचान रखते हैं. ‘सिंघम’, ‘गोलमाल’ सीरीज, ‘सिंबा’ और ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्में उनके नाम हैं.





