अगर आपका मन रोमांस या कॉमेडी से हटकर कुछ रोंगटे खड़े करने वाले कंटेंट को देखने का है, तो ये हॉरर फिल्में आपके लिए परफेक्ट हैं। नेटफ्लिक्स और अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद ये टॉप क्लास हॉरर मूवीज ना सिर्फ आपको डराएंगी, बल्कि आपकी रातों की नींद भी उड़ा देंगी। इनमें सस्पेंस, सुपरनेचुरल घटनाएं और ऐसा बैकग्राउंड स्कोर है, जो दिल की धड़कनें बढ़ा देगा।
अगर आप मनोवैज्ञानिक हॉरर के फैन हैं, तो ‘Hereditary’ जरूर देखें। यह फिल्म एक परिवार की कहानी है, जिसकी दादी की मौत के बाद अजीब घटनाएं शुरू होती हैं। धीरे-धीरे एक ऐसा सच सामने आता है, जो होश उड़ा देता है। डायरेक्टर एरी एस्टर ने फिल्म को इतने शानदार तरीके से पेश किया है कि हर सीन के साथ डर का लेवल बढ़ता जाता है। इस फिल्म की खास बात इसका साउंड डिजाइन और एक्टिंग है। टोनी कोलेट की परफॉर्मेंस इतनी इमोशनल और डरावनी है कि आप स्क्रीन से नजरें नहीं हटा पाएंगे। अगर आपने रात में देख ली तो यकीन मानिए, हनुमान चालीसा याद आ सकती है। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
प्राइम वीडियो पर Supernatural Horror का मास्टरपीस
वहीं ‘The Ring’ हॉरर मूवीज की दुनिया में एक आइकॉनिक फिल्म मानी जाती है। इसकी कहानी एक शापित वीडियोटेप के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे देखने वाले की सात दिन में मौत हो जाती है। फिल्म की सबसे डरावनी बात है समारा नाम की आत्मा, जो स्क्रीन से बाहर आते हुए आपके दिमाग में बस जाती है। यह फिल्म ना सिर्फ डराती है, बल्कि आपको सोचने पर भी मजबूर कर देती है कि क्या वाकई ऐसी चीजें मुमकिन हैं। नाओमी वॉट्स की एक्टिंग, म्यूजिक और विजुअल ट्रीटमेंट फिल्म को और भी खौफनाक बनाता है। इसे आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं, लेकिन अकेले देखना रिस्की हो सकता है।
नन, कॉन्ज्यूरिंग और It जैसी फिल्में भी देखें
इतना नहीं अगर आपकी हिम्मत बची है तो The Nun और The Conjuring जैसी फिल्में भी आपके लिए तैयार हैं। The Nun कॉन्ज्यूरिंग यूनिवर्स का हिस्सा है, जिसमें एक नन की आत्मा लोगों की जान की दुश्मन बन जाती है। इसकी लोकेशन, साउंड और कैमरा वर्क इसे एक कंप्लीट हॉरर पैकेज बनाते हैं।
वहीं The Conjuring सच्ची घटनाओं पर आधारित है, जिसमें एड और लोरेन वॉरेन नाम के इन्वेस्टिगेटर भूतों से जूझते हैं। अगर आपको क्लासिक हॉरर पसंद है, तो यह फिल्म मिस न करें। It एक अलग ही लेवल की हॉरर मूवी है, जिसमें बच्चों का एक ग्रुप डरावनी शक्ल वाले राक्षस Pennywise से लड़ता है। क्लाइमैक्स इतना डरावना है कि देखने के बाद आप सच में अपने बेड के नीचे झांकेंगे।





